'राख' में बिना डायलॉग वाले किरदार से छाईं सोनाली बेंद्रे, बोलीं- 'खामोश रहकर भाव दिखाना सबसे बड़ी चुनौती'
मुंबई, 18 जून (आईएएनएस)। ओटीटी प्लेटफॉर्म पर इन दिनों एक नई वेब सीरीज 'राख' को दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। इस सीरीज में कहानी, माहौल और अभिनय तीनों की काफी चर्चा हो रही है। खासकर अभिनेत्री सोनाली बेंद्रे का किरदार लोगों का ध्यान खींच रहा है।
लंबे समय बाद स्क्रीन पर वापसी करने वाली सोनाली ने इस बार एक ऐसे किरदार को निभाया है जिसमें डायलॉग्स बेहद कम हैं और पूरा अभिनय भावनाओं और खामोशी के जरिए दिखाया गया है।
उन्होंने आईएएनएस को बताया कि यह किरदार उनके लिए कितना अलग और चुनौतीपूर्ण रहा।
सोनाली बेंद्रे ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, ''मेरे पास काम करने के लिए बहुत अच्छा कंटेंट था। सच कहूं तो मेरा 50 प्रतिशत से ज्यादा काम पहले हो गया था। कहानी ने मुझे इतना मजबूत आधार दिया कि मुझे अपने किरदार को गढ़ने में ज्यादा मेहनत नहीं करनी पड़ी।''
सोनाली ने कहा, ''मेरे किरदार में डायलॉग्स न होना एक अलग अनुभव था। अब मेरी पहले जैसी याददाश्त नहीं रही, इसलिए लंबे डायलॉग याद करना मुश्किल हो जाता है, लेकिन इस किरदार में इसकी जरूरत ही नहीं थी। मेरे लिए यह बात एक तरह से आसान भी साबित हुई, क्योंकि पूरा फोकस सिर्फ भावनाओं पर था, लेकिन बिना डायलॉग के अभिनय करना उतना आसान नहीं होता जितना दिखता है। इस तरह के किरदार में हर भावना को अंदर से महसूस करना पड़ता है और उसे चेहरे, आंखों और छोटे-छोटे इशारों से जाहिर करना होता है। यह एक अलग तरह की मेहनत है, जहां कलाकार को शब्दों का सहारा नहीं मिलता।''
सोनाली बेंद्रे ने आगे कहा, ''मेरे किरदार में एक संघर्ष था, जब आप ऐसे किसी किरदार को बहुत गहराई से जीते हैं, तो उसे छोड़ना आसान नहीं होता। कई बार शूटिंग खत्म होने के बाद भी मैं उस किरदार की भावनाओं से बाहर नहीं निकल पाती थी। कभी-कभी मेरा किरदार मेरे साथ घर तक चला आता था, जो थोड़ा डरावना और थकाने वाला अनुभव था।''
सीरीज 'राख' एक क्राइम थ्रिलर है, जिसकी कहानी 1970 के दशक की पृष्ठभूमि पर आधारित है। इस सीरीज को दर्शक ओटीटी प्लेटफॉर्म प्राइम वीडियो पर देख सकते हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   18 Jun 2026 11:46 PM IST












