आशीष विद्यार्थी से लेकर उर्मिला मातोंडकर ने राम नवमी पर की प्रार्थना, बोले-समाज में एकता बनी रहे
मुंबई, 26 मार्च (आईएएनएस)। राम नवमी का पावन पर्व देशभर में मनाया जा रहा है। यह दिन भगवान राम के जन्मोत्सव के रूप में खास महत्व रखता है और हर साल भक्त इस अवसर पर पूजा-पाठ, व्रत और भजन-कीर्तन करते हैं। इस बार भी आम लोगों के साथ-साथ बॉलीवुड सितारों ने भी पूरे उत्साह के साथ इस त्योहार को मनाया और अपने-अपने अंदाज में लोगों को शुभकामनाएं दीं। सोशल मीडिया पर कई कलाकारों ने भगवान राम की तस्वीरें और भक्ति से जुड़े सकारात्मक संदेश दिए।
अभिनेता आशीष विद्यार्थी ने इंस्टाग्राम पर हैप्पी राम नवमी का एक पोस्टर साझा किया, जिसमें राम धनुष-बाण चलाते नजर आ रहे हैं। इस पोस्ट के कैप्शन में उन्होंने लिखा, ''राम नवमी के इस शुभ अवसर पर, हिम्मत, ताकत और लगन के गुण आपको सफलता की राह पर ले जाएं।''
बॉलीवुड अभिनेत्री सोनम कपूर ने इस खास मौके पर भगवान राम की एक तस्वीर साझा की और कैप्शन में 'हैप्पी राम नवमी' लिखा। वहीं आर. माधवन ने भगवान राम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान की एक सुंदर तस्वीर पोस्ट की और शुभकामनाएं देते हुए शांति और सौहार्द की कामना की।
उन्होंने कैप्शन में लिखा, 'राम नवमी के पावन अवसर पर सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। जय सिया राम। सभी के जीवन में सुख और संतुलन बना रहे और समाज में प्रेम और एकता का वातावरण रहे।'
वरिष्ठ अभिनेता जैकी श्रॉफ ने भी अपने सोशल मीडिया पर भगवान राम की एक दिव्य तस्वीर साझा की। उन्होंने कैप्शन में लिखा, ''राम नवमी के पवित्र दिन की सभी को शुभकामनाएं।''
अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर ने इस मौके पर राम भक्ति से जुड़ा वीडियो साझा किया। इस वीडियो में लता मंगेशकर द्वारा गाया गया भजन 'श्री राम चंद्र कृपालु भजमन' सुनाई दे रहा है। इस भजन के साथ उन्होंने लोगों को राम नवमी की शुभकामनाएं दीं और भक्ति और श्रद्धा के साथ इस दिन को मनाने का संदेश दिया।
इसी कड़ी में तनिषा मुखर्जी ने भी भगवान राम की एक सुंदर तस्वीर साझा की और कैप्शन में लिखा, ''भगवान राम सभी को शांति, समृद्धि और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दें। राम नवमी की शुभकामनाएं।''
बता दें कि राम नवमी का त्योहार हिंदू धर्म में विशेष महत्व रखता है। यह दिन भगवान राम के जन्म के रूप में मनाया जाता है, जिन्हें भगवान विष्णु का सातवां अवतार माना जाता है। इस दिन भक्त व्रत रखते हैं, मंदिरों में जाकर पूजा करते हैं और भजन-कीर्तन के जरिए भगवान राम का स्मरण करते हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   26 March 2026 12:25 PM IST











