महिलाओं पर टिप्पणी को लेकर अन्नाद्रमुक पर भड़के सीएम स्टालिन, बोले- जनता विकास को चुनेगी
चेन्नई, 18 मार्च। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने बुधवार को महिलाओं पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर अन्नाद्रमुक नेताओं पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता सब देख रही है और अंततः विकास के रास्ते को ही चुनेगी।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रतिक्रिया देते हुए स्टालिन ने विपक्ष पर राजनीतिक संवाद का स्तर गिराने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार अपने मंचों पर आंकड़ों के साथ उपलब्धियों और राज्य के विकास की बात करती है, जबकि विपक्ष के पास न तो उपलब्धियां हैं और न ही नीतियां।
स्टालिन ने कहा, “तमिलनाडु की जनता सब देख रही है। वे विकास की नई सुबह का चुनाव करेंगे।”
यह विवाद उस समय शुरू हुआ जब सी.वी. शनमुगम ने विलुप्पुरम में एक प्रदर्शन के दौरान एक महिला कलाकार पर कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी की, जिसके बाद व्यापक आलोचना हुई। बाद में पार्टी की आईटी विंग ने कहा कि उन्होंने अपने बयान के लिए माफी मांग ली है।
विवाद तब और बढ़ गया जब पूर्व मंत्री दिंडीगुल श्रीनिवासन पर भी महिलाओं के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने का आरोप लगा। इस पर विभिन्न राजनीतिक दलों ने कड़ी निंदा की और सार्वजनिक जीवन में मर्यादा बनाए रखने की अपील की।
यह पूरा घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। एक ओर द्रमुक अपनी सरकार के कामकाज को सामने रख रही है, वहीं अन्नाद्रमुक विपक्ष के तौर पर अपने अभियान को तेज कर रही है।
इस विवाद ने राज्य की सियासत में गर्मी और बढ़ा दी है, जहां दोनों प्रमुख द्रविड़ पार्टियों के बीच बयानबाजी और टकराव लगातार तेज होता जा रहा है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   18 March 2026 11:37 PM IST












