'रोहित शर्मा में दिखती थी विव रिचर्ड्स की झलक', सुनील शेट्टी ने किया शो में खुलासा

रोहित शर्मा में दिखती थी विव रिचर्ड्स की झलक, सुनील शेट्टी ने किया शो में खुलासा
बॉलीवुड एक्टर सुनील शेट्टी का क्रिकेट के लिए प्यार किसी से छिपा नहीं है। वह अक्सर क्रिकेट से जुड़ी अपनी कई पुरानी यादें शेयर करते रहते हैं। अब उन्होंने भारतीय क्रिकेटर रोहित शर्मा के साथ अपने पुराने कनेक्शन को याद किया।

मुंबई, 27 सितंबर (आईएएनएस)। बॉलीवुड एक्टर सुनील शेट्टी का क्रिकेट के लिए प्यार किसी से छिपा नहीं है। वह अक्सर क्रिकेट से जुड़ी अपनी कई पुरानी यादें शेयर करते रहते हैं। अब उन्होंने भारतीय क्रिकेटर रोहित शर्मा के साथ अपने पुराने कनेक्शन को याद किया।

दरअसल, वह 'फैमिली फुल हाउस विद रोहित शर्मा' में गेस्ट बनकर पहुंचे। इस दौरान सुनील शेट्टी ने बताया कि वह रोहित को तब से फॉलो करते आ रहे हैं, जब वह महज 16-17 साल के थे। उन्हें रोहित के खेल में महान क्रिकेटर सर विव रिचर्ड्स की झलक दिखाई देती थी।

क्रिकेट के प्रति अपने इसी जुनून पर बात करते हुए सुनील शेट्टी ने कहा, "दुनिया जानती है कि मैं क्रिकेट का कितना बड़ा दीवाना हूं। शायद इन खिलाड़ियों ने मैदान पर जितना क्रिकेट नहीं खेला होगा, उतना मैंने अपने ख्यालों में खेला है। पहले के जमाने में जब टीवी पर मैच नहीं आते थे, तब मैं इंडो-अमेरिकन सोसायटी जाता था ताकि वहां सिर्फ तेज गेंदबाजों के वीडियो क्लिपिंग्स और उनके फुटेज देख सकूं।"

सुनील शेट्टी ने आगे कहा, ''सर विव रिचर्ड्स मेरे हमेशा फेवरेट क्रिकेटर रहे थे और आज भी मेरे फेवरेट ही हैं। रोहित जब 16-17 साल के थे, तब से मैं उन्हें फॉलो करता आ रहा हूं। मुझे रोहित के अंदाज में सर विव रिचर्ड्स की झलक दिखाई देती थी। मैं उस वक्त भी बोलता था कि अगर सर विव रिचर्ड्स की कोई मुझे याद दिलाता है, तो वह रोहित शर्मा हैं।''

सुनील की इस बात पर रोहित ने भी अपने शुरुआती दिनों की एक याद साझा की और बताया कि वह करीब 16 साल के थे, जब पहली बार उनकी मुलाकात सुनील शेट्टी से हुई थी।

रोहित ने कहा, ''उस समय मैं इंडियन ऑयल के लिए क्रिकेट खेल रहा था और बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स के मैदान पर मैच चल रहा था। मैं बल्लेबाजी के लिए तैयार होकर बैठा हुआ था, तभी मुझे पता चला कि सुनील शेट्टी वहां आने वाले हैं। यह सुनकर मुझे हैरानी हुई कि सुनील शेट्टी आखिर ये मैच देखने क्यों आ रहे हैं।''

रोहित ने आगे कहा, ''बाद में समझ आया कि सुनील शेट्टी का क्रिकेट के लिए प्यार कितना गहरा है। उस दौरान वह मेरे मेंटर पीवी शेट्टी के साथ बैठे थे। पीवी शेट्टी ने मुझे क्रिकेट के शुरुआती दिनों में काफी मदद की थी। उन्होंने मुझसे कहा था कि मुझे सुनील शेट्टी से मिलना चाहिए, क्योंकि उन्हें क्रिकेट बहुत पसंद है। मैं उनसे मिलने के लिए उत्साहित था। मेरी नजर लगातार सुनील पर थी कि वह कर क्या रहे हैं, लेकिन उनका पूरा ध्यान मैदान पर चल रहे क्रिकेट मैच पर था और वह खिलाड़ियों के शॉट्स को बड़े गौर से देख रहे थे।''

'फैमिली फुल हाउस विद रोहित शर्मा' हर शनिवार और रविवार को सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन और सोनी लिव पर प्रसारित होता है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   27 Sept 2026 1:29 PM IST

Tags

Next Story