30 साल बाद फिर बड़े पर्दे पर लौटेगी 'जेरी मैग्वायर', टॉम क्रूज ने जाहिर की खुशी

मुंबई, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। हॉलीवुड में कुछ फिल्में ऐसी होती हैं, जो समय के साथ फीकी नहीं पड़तीं बल्कि हर दौर में नई लगती हैं। ऐसी ही एक फिल्म है 'जेरी मैग्वायर', जो अपनी रिलीज के तीन दशक बाद भी दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाए हुए है। अब यह फिल्म अपने 30 साल पूरे होने के मौके पर एक बार फिर सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। इस खास अवसर पर फिल्म के मुख्य अभिनेता टॉम क्रूज ने अपनी खुशी जाहिर की।
टॉम क्रूज ने अपने सोशल मीडिया पर फिल्म का पोस्टर शेयर करते हुए लिखा, "अगले हफ्ते इसे फिर से दर्शकों के साथ थिएटर में देखने के लिए उत्साहित हूं।"
इस फिल्म की खासियत इसकी कहानी और डायलॉग्स हैं। 'यू हैड मी एट 'हेलो'', 'यू कम्प्लीट मी' और 'शो मी द मनी' जैसे डायलॉग आज भी लोगों के बीच बेहद लोकप्रिय हैं। फिल्म में क्यूबा गुडिंग जूनियर, रेनी जेल्वेगर, केली प्रेस्टन, जेरी ओ ओ'कॉनेल, जे. मोहर, बोनी हंट और रेजिना किंग जैसे कलाकारों ने अहम भूमिकाएं निभाई थीं।
फिल्म की कहानी एक स्पोर्ट्स एजेंट की जिंदगी पर आधारित है, जो अपने करियर और निजी जीवन के बीच संतुलन बनाने की कोशिश करता है।
अगर टॉम क्रूज के करियर की बात करें, तो वह हॉलीवुड के सबसे बड़े और सफल कलाकारों में गिने जाते हैं। उन्होंने 1980 के दशक में 'रिस्की बिजनेस' और 'टॉप गन' जैसी फिल्मों से अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने कई शानदार फिल्मों में काम किया और धीरे-धीरे एक्शन और ड्रामा दोनों में अपनी मजबूत पहचान बना ली।
आगे चलकर टॉम क्रूज ने 'रेन मैन', 'ए फ्यू गुड मेन' और 'मिशन: इम्पॉसिबल' जैसी हिट फिल्मों में काम किया। खास बात यह है कि वह अपने स्टंट खुद करने के लिए भी जाने जाते हैं, जो उन्हें बाकी एक्टर्स से अलग बनाता है।
इसी बीच, टॉम क्रूज अपनी आने वाली फिल्म 'डिगर' को लेकर भी चर्चा में हैं। इस फिल्म का निर्देशन मशहूर फिल्ममेकर एलेहांद्रो गोंसालेस इनयारिटू कर रहे हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   9 April 2026 12:47 PM IST












