कनाडा के गुरुद्वारे में दो लोगों पर चाकू से हमला, पुलिस ने शुरू की जांच
एडमोंटन, 22 अगस्त (आईएएनएस)। कनाडा के अल्बर्टा प्रांत में एक गुरुद्वारे के अंदर एक शख्स ने दो लोगों पर चाकू से हमला कर दिया। पुलिस और समुदाय के प्रतिनिधियों के अनुसार, घटना के समय गुरुद्वारे के अंदर शादी समारोह से पहले सुबह की प्रार्थना चल रही थी।
यह हमला एडमोंटन शहर के उत्तर-पूर्वी बाहरी इलाके में स्थित नानकसर गुरुसिख मंदिर गुरुद्वारे में सुबह करीब पांच बजे हुआ।
एडमोंटन पुलिस सेवा ने बताया कि 14 स्ट्रीट और हॉर्सहिल रोड के पास हुई इस घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मौके से व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। मौके पर पहुंचे मेडिकल स्टाफ ने दोनों घायलों का इलाज किया। उनके अनुसार दोनों को गंभीर चोट आई है।
हमला किस वजह से किया गया इसकी जानकारी अभी पुलिस को नहीं मिली है। पुलिस ने रंजिश के चलते हमले के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
मंदिर के प्रतिनिधि हरमीक सहगल ने बताया कि एक व्यक्ति गुरुद्वारे में दाखिल हुआ और सुबह की उस अरदास में बाधा डाली जो दिन में बाद में होने वाली शादी से पहले की जा रही थी।
ग्लोबल न्यूज के मुताबिक, सहगल ने कहा, "वह अंदर आया और उसने हंगामा किया। हमारी सुबह की अरदास रुक गई। जो लोग अरदास कर रहे थे, उन्होंने उस व्यक्ति को देखा। वह किसी सामान्य आगंतुक जैसा नहीं लग रहा था।"
सहगल के अनुसार, अरदास कर रहे लोगों ने शुरुआत में उस व्यक्ति से बात करने की कोशिश की, लेकिन उसने सहयोग नहीं किया। वह किसी की बात नहीं सुन रहा था। इसलिए लोगों ने उसे शांत करने और काबू में करने की कोशिश की, लेकिन उसने विरोध शुरू कर दिया। उसी समय पुलिस को बुलाया गया। इसी झड़प के दौरान उसने दो लोगों को चाकू मार दिया।
सहगल ने कहा कि समुदाय के लोग अब जांच एजेंसियों की रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं ताकि पता चल सके कि यह घटना क्यों और किन परिस्थितियों में हुई।
सिख अमेरिकन लीगल डिफेंस एंड एजुकेशन फंड ने कहा कि किसी धार्मिक स्थल के अंदर इस तरह की हिंसा बेहद चिंताजनक है। संगठन ने पीड़ितों और एडमोंटन के सिख समुदाय के प्रति एकजुटता भी व्यक्त की।
संगठन ने कहा कि गुरुद्वारे के अंदर हमला होना बेहद परेशान करने वाली बात है। हमारे गुरुद्वारे पूजा, सेवा और समुदाय के केंद्र हैं। हमारी संगत को सुरक्षित माहौल में और बिना किसी डर के यहां एकत्र होने का अधिकार है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   22 Aug 2026 8:09 AM IST












