हॉकी विश्व कप भारतीय पुरुष टीम का मेजबान नीदरलैंड से अहम मुकाबला आज
नई दिल्ली, 22 अगस्त (आईएएनएस)। एफआईएच हॉकी पुरुष विश्व कप में शनिवार को भारतीय टीम का मुकाबला मेजबान नीदरलैंड से होना है। मैच शाम 7:30 बजे से वैगनर हॉकी स्टेडियम में खेला जाएगा। नीदरलैंड मौजूदा ओलंपिक चैंपियन है। सेमीफाइनल में जगह बनाने के दृष्टिकोण से बेहद अहम इस मैच में भारतीय टीम को नीदरलैंड से कड़ी चुनौती मिलेगी।
पहले राउंड के तीन मैचों में भारतीय टीम ने 2 जीत और 1 हार के साथ दूसरे राउंड में जगह बनाई है। पहले राउंड में हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने वेल्स और पाकिस्तान के खिलाफ जीत हासिल की थी, जबकि इंग्लैंड के खिलाफ टीम को हार का सामना करना पड़ा था।
दूसरे राउंड में भारत, इंग्लैंड, नीदरलैंड और अर्जेंटीना के साथ पूल 'ई' में रखा गया है। भारत पहले राउंड में इंग्लैंड से खेल चुका है। नए फॉर्मेट के अनुसार टॉप-8 में शामिल टीमें अगर पहले राउंड में खेल चुकी हैं, तो उनका मैच दूसरे राउंड में नहीं होगा। पिछले मैच का रिजल्ट दूसरे राउंड में जोड़ा जाएगा। इसके हिसाब भारत पूल-ई में एक हार के साथ तीसरे स्थान पर है। दूसरे राउंड में नीदरलैंड और अर्जेंटीना के खिलाफ टीम इंडिया को खेलना है। सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए टीम इंडिया को दोनों मैच जीतना जरूरी है।
शनिवार को भारतीय टीम पूल 'ई' के अपने पहले मुकाबले में नीदरलैंड के खिलाफ जीत और सेमीफाइनल में करीब जाने के इरादे से उतरेगी।
नीदरलैंड के खिलाफ होने वाले मैच से पहले भारतीय टीम का आत्मविश्वास बढ़ा रहेगा। इसकी वजह डच टीम के खिलाफ हुए आखिरी मुकाबले में मिली जीत है। इसी साल जून में खेले गए हॉकी प्रो-लीग के आखिरी मुकाबले में भारतीय टीम ने नीदरलैंड को 3-2 से हराया था। इस मैच में जुगराज सिंह, अभिषेक और राजिंदर सिंह ने गोल किए थे। ये तीनों खिलाड़ी वर्ल्ड कप में भी भारतीय टीम का हिस्सा हैं।
टीम इंडिया उसी प्रदर्शन को दोहराते हुए नीदरलैंड को एक बार फिर से मात देने की कोशिश करेगी। इस मैच में कप्तान हरमनप्रीत सिंह पर नजरे रहेंगी। हरमन इस विश्व कप में भारत की तरफ से सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी हैं और 3 मैचों में 5 गोल कर चुके हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   22 Aug 2026 9:09 AM IST












