स्विट्जरलैंड वार्ता के बीच अमेरिका का बड़ा कदम, ईरानी तेल निर्यात को अगस्त तक मिली राहत

स्विट्जरलैंड वार्ता के बीच अमेरिका का बड़ा कदम, ईरानी तेल निर्यात को अगस्त तक मिली राहत
अमेरिका ने सोमवार को ईरानी तेल के निर्यात पर लगी कुछ पाबंदियों में अगस्त तक के लिए ढील दे दी। यह फैसला उस समय आया जब कुछ ही घंटे पहले अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा था कि स्विट्जरलैंड में चल रही बातचीत में 'काफी अच्छी प्रगति' हुई है। अमेरिका और ईरान के बीच परमाणु मुद्दों, समुद्री सुरक्षा और होर्मुज स्‍ट्रेट के भविष्य को लेकर बातचीत जारी है।

वॉशिंगटन, 22 जून (आईएएनएस)। अमेरिका ने सोमवार को ईरानी तेल के निर्यात पर लगी कुछ पाबंदियों में अगस्त तक के लिए ढील दे दी। यह फैसला उस समय आया जब कुछ ही घंटे पहले अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा था कि स्विट्जरलैंड में चल रही बातचीत में 'काफी अच्छी प्रगति' हुई है। अमेरिका और ईरान के बीच परमाणु मुद्दों, समुद्री सुरक्षा और होर्मुज स्‍ट्रेट के भविष्य को लेकर बातचीत जारी है।

ट्रेजरी विभाग के ऑफिस ऑफ फॉरेन एसेट्स कंट्रोल (ओएफएसी) ने 'ईरान जनरल लाइसेंस एक्‍स' जारी किया है। इसके तहत 21 अगस्त तक ईरान से निकलने वाले कच्चे तेल, पेट्रोकेमिकल उत्पादों और अन्य पेट्रोलियम उत्पादों के उत्पादन, डिलीवरी और बिक्री की अनुमति दी गई है।

लाइसेंस के मुताबिक, ईरानी मूल के कच्चे तेल, पेट्रोकेमिकल उत्पादों और पेट्रोलियम उत्पादों के उत्पादन, बिक्री, डिलीवरी या उतारने (ऑफलोडिंग) से जुड़े वे सभी जरूरी लेन-देन, जो पहले प्रतिबंधों के दायरे में आते थे, अब 21 अगस्त को रात 12:01 बजे (ईस्टर्न डेलाइट टाइम) तक अधिकृत रहेंगे।

यह अनुमति ईरानी ऊर्जा निर्यात से जुड़ी कई तरह की गतिविधियों को कवर करती है, जिनमें उन जहाजों से जुड़े लेनदेन भी शामिल हैं जो अमेरिकी प्रतिबंधों के तहत ब्लॉक किए गए थे।

ओएफएसी ने कहा कि इस लाइसेंस के तहत ईरानी तेल और पेट्रोलियम उत्पाद ले जाने वाले जहाजों के सुरक्षित रूप से बंदरगाह पर लगने और लंगर डालने, चालक दल की सुरक्षा और स्वास्थ्य, आपातकालीन मरम्मत और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों की भी अनुमति होगी।

इसके अलावा जहाजों के प्रबंधन, क्रू उपलब्ध कराने, ईंधन भरने (बंकरिंग), पायलट सेवाओं, पंजीकरण, झंडा पंजीकरण (फ्लैगिंग), बीमा, तकनीकी वर्गीकरण और बचाव जैसी सेवाएं भी इस लाइसेंस के तहत मंजूर होंगी।

लाइसेंस के अनुसार, ईरान से आने वाले कच्चे तेल, पेट्रोकेमिकल और पेट्रोलियम उत्पादों का अमेरिका में आयात भी किया जा सकेगा, यदि वह अधिकृत बिक्री, डिलीवरी या ऑफलोडिंग से जुड़ा हो।

ओएफएसी ने यह भी कहा कि ईरान, ईरानी सरकार या प्रतिबंधित व्यक्तियों को ईरानी तेल और पेट्रोलियम उत्पादों की खरीद के बदले जो भुगतान किया जाना है, वह अमेरिकी डॉलर में भी किया जा सकता है। यह कदम ऐसे समय उठाया गया है जब अमेरिका और ईरान के प्रतिनिधि स्विट्जरलैंड के ब्यूर्गेनस्टॉक में बातचीत जारी रखे हुए हैं।

जेडी वेंस ने पत्रकारों से कहा क‍ि हम पहले ही काफी अच्छी प्रगति कर चुके हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले घंटों में और प्रगति देखने को मिल सकती है।

यह नया लाइसेंस मार्च में जारी किए गए ओएफएसी के पुराने पिछली छूट (वेवर) से कहीं ज्यादा व्यापक है। मार्च वाले वेवर में मुख्य रूप से उन ईरानी तेल खेपों की डिलीवरी और बिक्री की अनुमति थी जो पहले से जहाजों पर लोड थे। जबकि 'जनरल लाइसेंस एक्‍स' ईरानी ऊर्जा उत्पादों के उत्पादन, बिक्री, डिलीवरी और ऑफलोडिंग से जुड़े लेन-देन को अगस्त तक मंजूरी देता है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   22 Jun 2026 10:29 PM IST

Tags

Next Story