बड़ा हमला अभी बाकी है, अगर वह क‍िया तो ईरान का कुछ ह‍िस्‍सा ही शेष बचेगा ट्रंप

बड़ा हमला अभी बाकी है, अगर वह क‍िया तो ईरान का कुछ ह‍िस्‍सा ही शेष बचेगा ट्रंप
अमेरिकी सेना ने ईरान में इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) के ठिकानों पर नए हवाई हमले किए हैं। इससे वॉशिंगटन और तेहरान के बीच तनाव और बढ़ गया है। अमेरिकी राष्‍ट्रपत‍ि ने ईरान को एक बड़े हमले की चेतावनी दी है। उनके अनुसार इस हमले के बाद इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान के पास उसका कुछ ह‍िस्‍सा ही शेष रह जाएगा।

वॉशिंगटन, 2 सितंबर (आईएएनएस)। अमेरिकी सेना ने ईरान में इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) के ठिकानों पर नए हवाई हमले किए हैं। इससे वॉशिंगटन और तेहरान के बीच तनाव और बढ़ गया है। अमेरिकी राष्‍ट्रपत‍ि ने ईरान को एक बड़े हमले की चेतावनी दी है। उनके अनुसार इस हमले के बाद इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान के पास उसका कुछ ह‍िस्‍सा ही शेष रह जाएगा।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार (स्थानीय समयानुसार) सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पोस्ट में होर्मुज स्‍ट्रेट के पास आईआरजीसी के ठिकानों पर क‍िए गए हमलों को 'बड़ा और शक्तिशाली' बताया। साथ ही कहा क‍ि अगर ईरान इस पूरी तरह उचित इन हमले का जवाब देता है, तो उस पर इससे भी ज्यादा कड़े और बड़े स्तर पर कार्रवाई की जाएगी।"

ट्रंप ने स्‍पष्‍ट क‍िया क‍ि यह सबसे बड़ा हमला नहीं होगा। उससे भी बड़ा हमला अभी बाकी है और जब वह पूरा हो जाएगा, तो इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान का बहुत कम हिस्सा बचा होगा।

फॉक्स न्यूज को दिए एक फोन इंटरव्यू में ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिकी सेना ने ईरान के रडार नेटवर्क को भारी नुकसान पहुंचाया है। आज का हमला बहुत बड़ा था। हमने उनके काफी रडार सिस्टम नष्ट कर दिए, जिनमें वे सिस्टम भी शामिल हैं जिन्हें ईरान फिर से खड़ा करने की कोशिश कर रहा था।

ट्रंप ने कहा क‍ि अगर तीसरी बार भी ऐसा करना पड़ा, तो एक देश के रूप में उनका पूरी तरह सफाया हो सकता है। उन्होंने अमेरिकी विमानवाहक पोत यूएसएस जॉर्ज वॉशिंगटन का जिक्र करते हुए कहा क‍ि यूएसएस जॉर्ज वॉशिंगटन पूरी तरह तैयार है। हम हर तरह से तैयार हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप ने कहा कि ताजा हमलों से पहले खाड़ी क्षेत्र के सहयोगी देशों को इसकी जानकारी दे दी गई थी।

अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने मंगलवार को बताया कि उसने दोपहर 12 बजे (ईस्टर्न टाइम) ईरान में आईआरजीसी से जुड़े ठिकानों पर नए हमले किए।

सेंटकॉम के अनुसार, ये कार्रवाई हाल ही में आईआरजीसी की ओर से होर्मुज स्‍ट्रेट में व्यापारिक जहाजों पर कथित हमलों की कोशिशों और क्षेत्र में तैनात अमेरिकी सैनिकों के खिलाफ की गई कार्रवाइयों के जवाब में की गई।

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, मंगलवार को ईरान के बंदर अब्बास, सिरिक और केश्म द्वीप में धमाकों की आवाजें सुनी गईं।

वहीं, ईरान की अर्ध-सरकारी तस्नीम समाचार एजेंसी ने सूत्रों के हवाले से बताया कि ईरानी सेना ने मंगलवार शाम क्षेत्र के विभिन्न देशों में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों की ओर मिसाइलें दागीं।

ईरान की फार्स समाचार एजेंसी के अनुसार, आईआरजीसी ने चेतावनी दी है कि अमेरिका को उसके नए हमलों पर पछताना पड़ेगा। आईआरजीसी ने कहा कि अमेरिका की इस कार्रवाई का जवाब दिया जाएगा।

ग्रीस स्थित समुद्री जोखिम निगरानी संस्था 'मारिस्का' ने बताया कि सोमवार शाम होर्मुज स्‍ट्रेट से गुजर रहे दो कच्चे तेल के टैंकर अज्ञात प्रोजेक्टाइल्स की चपेट में आ गए। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि इन हमलों के पीछे कौन जिम्मेदार था, लेकिन इस घटना ने दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण ऊर्जा मार्गों में से एक की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   2 Sept 2026 8:52 AM IST

Tags

Next Story