अमेरिका ने उत्तर कोरिया को चिकित्सा उपकरणों के निर्यात लाइसेंस संबंधी जरुरतों को और कड़ा किया

अमेरिका ने उत्तर कोरिया को चिकित्सा उपकरणों के निर्यात लाइसेंस संबंधी जरुरतों को और कड़ा किया
अमेरिकी वित्त विभाग ने उन चिकित्सा उपकरणों की एक सूची जारी की है, जिनके उत्तर कोरिया को निर्यात के लिए अब "विशिष्ट प्राधिकरण" की आवश्यकता होगी। यह जानकारी फेडरल रजिस्टर में प्रकाशित एक नोटिस से सामने आई है।

वाशिंगटन, 13 जून (आईएएनएस)। अमेरिकी वित्त विभाग ने उन चिकित्सा उपकरणों की एक सूची जारी की है, जिनके उत्तर कोरिया को निर्यात के लिए अब "विशिष्ट प्राधिकरण" की आवश्यकता होगी। यह जानकारी फेडरल रजिस्टर में प्रकाशित एक नोटिस से सामने आई है।

अमेरिकी वित्त विभाग के ऑफिस ऑफ फॉरेन एसेट्स कंट्रोल (ओएफएसी) ने उन चिकित्सा उपकरणों की सूची जारी की है, जिन्हें अब उस सामान्य लाइसेंस के तहत उत्तर कोरिया को निर्यात या पुनः निर्यात नहीं किया जा सकेगा, जो पहले कुछ कृषि उत्पादों, दवाओं और चिकित्सा उपकरणों के निर्यात की अनुमति देता था।

ओएफएसी ने कहा कि नई सूची में शामिल वस्तुओं के उत्तर कोरिया निर्यात के लिए अब उसकी विशिष्ट अनुमति आवश्यक होगी। यह सूची गुरुवार से प्रभावी हो गई है। योन्हेप न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई।

नई सूची में ऑक्सीजन जनरेटर, प्रति मिनट एक लीटर से अधिक प्रवाह दर वाले पंप, तथा डायग्नोस्टिक मेडिकल इमेजिंग उपकरण शामिल हैं। इनमें गामा इमेजिंग उपकरण, टैक्टाइल इमेजिंग उपकरण और थर्मोग्राफी उपकरण प्रमुख हैं।

सूची में कई प्रयोगशाला उपकरण भी शामिल किए गए हैं, जैसे फ्रीज-ड्राइंग और स्प्रे-ड्राइंग मशीनें, डिकंटैमिनेशन शॉवर, लैबोरेटरी शेकर, इन्क्यूबेटर शेकर और कार्बन डाइऑक्साइड इन्क्यूबेटर।

विशेषज्ञों का मानना है कि ये नए लाइसेंस नियम उन दोहरे उपयोग वाली वस्तुओं के निर्यात को सीमित कर सकते हैं, जिनका उपयोग नागरिक और सैन्य दोनों उद्देश्यों के लिए किया जा सकता है। यह कदम ऐसे समय उठाया गया है जब उत्तर कोरिया के परमाणु कार्यक्रम पर अमेरिका व दक्षिण कोरिया के साथ बातचीत ठप होने के बीच अपने हथियार कार्यक्रमों को और आगे बढ़ा रहा है।

इस बीच, दक्षिण कोरिया के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा है कि यह कहना अभी "बहुत जल्दबाजी" होगी कि राष्ट्रपति ली जे म्यूंग अगले सप्ताह फ्रांस में होने वाले जी-7 समित के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप से शिखर वार्ता करेंगे या नहीं।

यह टिप्पणी गुरुवार को तब आई जब दोनों नेताओं के सोमवार से बुधवार तक फ्रांस के इवेन में आयोजित होने वाले जी-7 सम्मेलन में भाग लेने की संभावना जताई गई।

राष्ट्रपति ली मंगलवार से बुधवार तक आमंत्रित साझेदार देशों के प्रमुख के रूप में जी-7 सम्मेलन में भाग लेने वाले हैं। यह लगातार दूसरा वर्ष होगा जब दक्षिण कोरिया को इस आयोजन में आमंत्रित किया गया है।

दक्षिण कोरिया के वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, "यदि अवसर बनता है तो बातचीत हो सकती है लेकिन फिलहाल ऐसी बैठक की संभावना पर टिप्पणी करना कठिन है।"

--आईएएनएस

पीएम

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   13 Jun 2026 5:31 PM IST

Tags

Next Story