वियतनाम ने डेंगू बुखार के बढ़ते मामलों को लेकर दी चेतावनी
हनोई, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। वियतनाम में डेंगू संक्रमण का प्रकोप देखने को मिल रहा है। अब तक देश में 30 अधिक से अधिक मामले दर्ज किए गए हैं, जबकि चार मौतें हो चुकी हैं। इसी बीच, वियतनाम के स्वास्थ्य मंत्रालय ने चेतावनी दी है कि डेंगू संक्रमण के मामले और बढ़ सकते हैं।
स्थानीय दैनिक अखबार 'न्हान डैन' ने मंगलवार को बताया कि इस साल की शुरुआत से अब तक देश में 31,927 मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें चार मौतें भी शामिल हैं। रिपोर्ट के अनुसार, अधिकांश मामले दक्षिणी इलाकों में केंद्रित हैं।
वहीं, समाचार एजेंसी 'शिन्हुआ' की रिपोर्ट के अनुसार, वियतनाम रोग निवारण प्रशासन के उप निदेशक वो हाई सोन ने कहा कि अगर रोकथाम और नियंत्रण के उपायों को सख्ती से लागू नहीं किया गया, तो निकट भविष्य में संक्रमण के मामले और बढ़ सकते हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, स्वास्थ्य विभाग संक्रमण के प्रकोप की मॉनिटरिंग और उसे नियंत्रित करने के लिए स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहा है, साथ ही रोग की रोकथाम के बारे में जन जागरूकता अभियान भी तेज कर रहा है।
यह चेतावनी ऐसे समय में आई है जब गर्मी और उमस भरा मौसम जल्दी शुरू हो गया है व बारिश अनियमित हो रही है, जिससे मच्छरों के पनपने के लिए अनुकूल स्थितियां बन गई हैं। पिछले साल वियतनाम में डेंगू बुखार के 181,000 से अधिक मामले दर्ज किए गए थे, जिनमें 36 लोगों की मौत हुई थी।
डेंगू एक वायरल संक्रमण है, जो मच्छरों के काटने से इंसानों में फैलता है। जिन लोगों को डेंगू होता है, उनमें से अधिकांश में कोई लक्षण दिखाई नहीं देते। जिन लोगों में लक्षण दिखते हैं, उनमें सबसे आम लक्षण तेज बुखार, सिरदर्द, बदन दर्द, जी मिचलाना और शरीर पर चकत्ते पड़ना है। अधिकांश लोग 1-2 सप्ताह में ठीक हो जाते हैं। कुछ लोगों में डेंगू गंभीर रूप ले लेता है, जिसके लिए उन्हें अस्पताल में भर्ती होने की जरूरत पड़ती है। गंभीर मामलों में, डेंगू जानलेवा भी हो सकता है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   14 April 2026 10:52 AM IST












