जब नसीरुद्दीन शाह ने ओम पुरी को दी अपनी शर्ट, एफटीआईआई के लिए अभिनेता को किया प्रेरित
मुंबई, 5 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय सिनेमा की दुनिया में कुछ रिश्ते ऐसे होते हैं जो पर्दे पर नहीं बल्कि असल जिंदगी में समय के साथ मिसाल बन जाते हैं। ऐसे ही दो बड़े नाम हैं दिवंगत अभिनेता ओम पुरी और दिग्गज अभिनेता नसीरुद्दीन शाह। दोनों ने साथ में भारतीय समानांतर सिनेमा को नई पहचान दी। हाल ही में दोनों का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से देखा जा रहा है, जिसमें ओम पुरी अपने शुरुआती दिनों की कहानी साझा करते नजर आर रहे हैं।
इस वीडियो में ओम पुरी, अनुपम खेर और नसीरुद्दीन शाह एक साथ दिखाई दे रहे हैं। बातचीत के दौरान ओम पुरी अपने जीवन के संघर्षों को याद करते हुए बताते हैं कि उनकी जिंदगी में कई लोगों ने अलग-अलग तरीकों से मदद की लेकिन असल में उनकी परवरिश उनके दोस्तों ने की। उन्होंने कहा कि उनके माता-पिता ने उन्हें जन्म जरूर दिया, लेकिन उन्हें आगे बढ़ाने और सही दिशा देने का काम उनके दोस्तों ने किया। इस दौरान वह नसीरुद्दीन शाह की ओर इशारा करते हैं और बताते हैं कि उनके जीवन में उनका योगदान कितना बड़ा रहा है।
ओम पुरी ने कहा, ''जब मैं फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एफटीआईआई) पुणे में इंटरव्यू देने गया था, तब मेरे पास अच्छे कपड़े तक नहीं थे। ऐसे मुश्किल समय में नसीरुद्दीन शाह ने मेरी मदद की और मुझे अपनी एक शर्ट पहनने के लिए दी।''
उन्होंने आगे कहा, ''मैं नसीरुद्दीन शाह के इस एहसान को कभी नहीं भूल सकता। अगर नसीरुद्दीन शाह ने मुझे आगे बढ़ने के लिए प्रेरित न किया होता, तो शायद मैं आज यहां तक नहीं पहुंच पाता। उन्होंने मुझसे साफ कहा था कि तुम्हें किसी भी हाल में फिल्म इंस्टीट्यूट जाना ही होगा, चाहे पैसे हों या न हों, किसी तरह पहुंचो।''
ओम पुरी ने बताया कि उस दौर की दोस्ती आज के समय में बहुत कम देखने को मिलती है, जहां कोई अपने दोस्त के करियर के लिए इतना आगे बढ़कर सोचता है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   5 July 2026 2:24 PM IST












