यूपी में तानाशाही, बिहार सरकार जनता के असली मुद्दों से ध्यान भटका रही मुकेश सहनी

यूपी में तानाशाही, बिहार सरकार जनता के असली मुद्दों से ध्यान भटका रही  मुकेश सहनी
विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के संस्थापक और बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने यहां रविवार को उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर लोकतंत्र का गला घोंटने का आरोप लगाया। वहीं बिहार की एनडीए सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वह बेरोजगारी, गरीबी और किसानों की समस्याओं जैसे वास्तविक मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने की राजनीति कर रही है।

पटना, 5 जुलाई (आईएएनएस)। विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के संस्थापक और बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने यहां रविवार को उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर लोकतंत्र का गला घोंटने का आरोप लगाया। वहीं बिहार की एनडीए सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वह बेरोजगारी, गरीबी और किसानों की समस्याओं जैसे वास्तविक मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने की राजनीति कर रही है।

पटना में पत्रकारों से बातचीत के दौरान मुकेश सहनी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में विपक्षी नेताओं के कार्यक्रमों को रोकना और उन्हें गिरफ्तार करना इस बात का संकेत है कि सरकार विपक्ष से डरी हुई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अघोषित आपातकाल जैसी स्थिति है और लोकतंत्र की जगह तानाशाही चल रही है। उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश में संगठन मजबूत कर रही है और जनता आने वाले समय में भाजपा सरकार को जवाब देगी।

भाजपा विधायक राजू सिंह को हत्या के मामले में चार साल दो महीने की सजा और आर्म्स एक्ट के तहत अतिरिक्त दो महीने की सजा मिलने पर सहनी ने फैसले पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि हत्या सिद्ध होने के बाद इतनी कम सजा न्यायसंगत नहीं है। उन्होंने पीड़ित परिवार से उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय में फैसले को चुनौती देने की अपील करते हुए कहा कि दोषी को 14 वर्ष की सजा मिलनी चाहिए।

बिहार सरकार पर हमला बोलते हुए मुकेश सहनी ने कहा कि सरकार के पास जनता को बताने के लिए कोई ठोस उपलब्धि नहीं है। इसलिए सुरक्षा वापस लेने और फिर बहाल करने, बंगला विवाद तथा अन्य राजनीतिक मुद्दों को उछालकर लोगों का ध्यान भटकाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को महिलाओं से किए गए आर्थिक सहायता के वादे, एक करोड़ रोजगार और किसानों से जुड़े चुनावी वादों को पूरा करने पर ध्यान देना चाहिए।

उन्होंने फास्ट ट्रैक कोर्ट के गठन की घोषणा को भी सरकार की देर से जागी व्यवस्था बताते हुए कहा कि यदि इसकी जरूरत आज महसूस हो रही है तो यह पिछले दो दशकों की प्रशासनिक विफलता को दर्शाता है। सहनी ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार लगातार नए टैक्स लगाकर आम लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ा रही है, जबकि वृद्धा पेंशन जैसी योजनाओं के भुगतान में भी देरी हो रही है।

उन्होंने कहा कि बिहार के विकास का पैमाना केवल पुल और सड़कें नहीं बल्कि रोजगार, बेहतर आय और लोगों के जीवन स्तर में सुधार होना चाहिए।

--आईएएनएस

एमएनपी/पीएम

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   5 July 2026 3:45 PM IST

Tags

Next Story