'शंघाई फॉर्मूला ई' में ग्रासी की चौंकाने वाली जीत, वेहरलीन चैंपियनशिप में सबसे आगे

शंघाई फॉर्मूला ई में ग्रासी की चौंकाने वाली जीत, वेहरलीन चैंपियनशिप में सबसे आगे
लुकास डी ग्रासी ने रविवार को 2025-26 शंघाई ई-प्रिक्स डबल-हेडर की दूसरी रेस में शानदार जीत दर्ज की। इसी के साथ लुकास ने 'फॉर्मूला ई' में चार साल से चले आ रहे जीत के सूखे को खत्म किया। वहीं, प्रतिद्वंद्वी मिच इवांस के रेस शुरू न कर पाने के कारण पास्कल वेहरलीन चैंपियनशिप में सबसे आगे हो गए।

शंघाई, 5 जुलाई (आईएएनएस)। लुकास डी ग्रासी ने रविवार को 2025-26 शंघाई ई-प्रिक्स डबल-हेडर की दूसरी रेस में शानदार जीत दर्ज की। इसी के साथ लुकास ने 'फॉर्मूला ई' में चार साल से चले आ रहे जीत के सूखे को खत्म किया। वहीं, प्रतिद्वंद्वी मिच इवांस के रेस शुरू न कर पाने के कारण पास्कल वेहरलीन चैंपियनशिप में सबसे आगे हो गए।

डी ग्रासी ग्रिड पर 19वें स्थान से आगे बढ़े और साल 2022 में लंदन के बाद अपनी पहली 'फॉर्मूला ई' जीत दर्ज की। ​​साथ ही, 2024 में एबीटी कपरा टीम का लाइसेंस लेने के बाद से लोला यामाहा के लिए यह पहली जीत थी।

'सिन्हुआ' की रिपोर्ट के अनुसार, शंघाई इंटरनेशनल सर्किट पर दिनभर बारिश होती रही, लेकिन रेस शुरू होने से ठीक पहले बारिश कम हो गई। इससे डी ग्रासी और दूसरे स्थान पर रहे जीन-एरिक वर्गेन ने ड्राई सेटअप (सूखी ट्रैक के लिए गाड़ी की सेटिंग) का जोखिम उठाया, जबकि उनके कई प्रतिद्वंद्वियों ने वेट कॉन्फिगरेशन (गीली ट्रैक के लिए सेटिंग) को चुना।

शुरुआत में यह रणनीति जोखिम भरी लग रही थी, क्योंकि डी ग्रासी शुरुआती लैप्स में संघर्ष कर रहे थे और प्वाइंट्स की दौड़ से बाहर रहते हुए ऊर्जा बचा रहे थे। हालांकि, जैसे-जैसे सर्किट सूखता गया, ब्राजीलियाई ड्राइवर ने तेजी से आगे बढ़ना शुरू किया और 24वें लैप में 'फुल-कोर्स येलो' (सावधानी का संकेत) होने से पहले तीसरे स्थान पर पहुंच गए।

एक लैप बाद जब रेस फिर से शुरू हुई, तो आगे चल रहे ड्राइवरों में डी ग्रासी ही एकमात्र ऐसे ड्राइवर थे जिनके पास 'अटैक मोड' का इस्तेमाल नहीं हुआ था। उन्होंने अतिरिक्त पावर का इस्तेमाल करते हुए आखिरी लैप के पहले मोड़ पर वर्गेन को पीछे छोड़ा और जीत हासिल की, साथ ही 'फॉर्मूला ई' के सबसे उम्रदराज विजेता के तौर पर अपना रिकॉर्ड और बेहतर किया।

वर्गेन ने ग्रिड पर 18वें स्थान से शानदार वापसी करते हुए दूसरा पायदान हासिल किया, जबकि रूकी जोएल एरिक्सन ने अपने 'फॉर्मूला ई' करियर का पहला पोडियम (तीसरा स्थान) हासिल किया; उन्होंने रेस के आखिरी हिस्से में बढ़त बनाई थी, लेकिन आखिरी लैप में पीछे छूट गए।

वेहरलीन शुरुआती लैप्स में आगे थे लेकिन बाद में पिछड़ गए क्योंकि ट्रैक सूखने के साथ ही ड्राई सेटअप वाले ड्राइवरों को फायदा मिलने लगा। फिर भी, इस नतीजे से पोर्श ड्राइवर चैंपियनशिप में सबसे आगे हो गए, क्योंकि इवांस तकनीकी खराबी के कारण रेस शुरू ही नहीं कर सके।

रेस पूरी न कर पाने के कारण इवांस, वेहरलीन के कुल 141 प्वाइंट्स से 9 प्वाइंट्स पीछे रह गए हैं, जबकि अभी तीन रेस बाकी हैं। मौजूदा चैंपियन ओलिवर रोलैंड, जो आठवें स्थान पर रहे, 114 प्वाइंट्स के साथ तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं।

टीम चैंपियनशिप में, जैगुआर 243 प्वाइंट्स के साथ अभी भी आगे हैं, भले ही इस रेस में उन्हें कोई प्वाइंट नहीं मिला, लेकिन पोर्श ने इस ब्रिटिश टीम के साथ अंतर को छह प्वाइंट्स तक कम कर लिया है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   5 July 2026 4:05 PM IST

Tags

Next Story