हॉरर अवतार में दिखेंगी भूमि पेडनेकर, फिल्म 'जानी दुश्मन डर के आगे मौत है' का ऐलान

मुंबई, 4 नवंबर (आईएएनएस)। अभिनेत्री भूमि पेडनेकर आगामी हॉरर फ्रेंचाइजी 'जानी दुश्मन : डर के आगे मौत' में नजर आएंगी। यूनाइटेड किंगडम की पृष्ठभूमि पर आधारित फिल्म 'जानी दुश्मन' एक सुपरनैचुरल हॉरर थ्रिलर होने वाली है।
अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर पोस्टर शेयर किया, जिसके साथ उन्होंने लिखा, "दर्द तो बहुत देखा होगा, लेकिन अब खौफ महसूस करने के लिए तैयार हो जाएं। आपके लिए पेश है, फिल्म 'जानी दुश्मन : डर के आगे मौत'।"
फिल्म का निर्देशन अरशद सैयद कर रहे हैं, जबकि इसके क्रिएटिव प्रोड्यूसर रॉबी ग्रेवाल हैं। इसका निर्माण भूषण कुमार (टी-सीरीज) और प्रभलीन संधू की अलमाइटी मोशन पिक्चर मिलकर कर रहे हैं।
इस फ्रेंचाइजी और सहयोग के बारे में बात करते हुए प्रोड्यूसर भूषण कुमार ने कहा, "अलमाइटी मोशन पिक्चर एक भरोसेमंद क्रिएटिव पार्टनर रहा है और उनकी टीम के साथ काम करना हमेशा अच्छा लगता है। सीरीज 'मेड इन इंडिया - अ टाइटन स्टोरी' के बाद, हम जानी दुश्मन के लिए उनके साथ फिर से काम करके खुश हैं।"
अलमाइटी मोशन पिक्चर की फाउंडर प्रभलीन संधू ने कहा, "भूषण जी और टी-सीरीज के साथ काम करना हमेशा सुखद रहा है। हमारा जुड़ाव हमेशा खास रहा है और हम एक बिल्कुल अलग सिनेमाई अनुभव के लिए एक बार फिर साथ आने को लेकर उत्साहित हैं। जानी दुश्मन खास तौर पर स्पेशल है क्योंकि यह मुझे रॉबी ग्रेवाल और अरशद सैयद से फिर मिलाती है, जिनके साथ हमने भारत की सबसे पसंदीदा पैरानॉर्मल थ्रिलर सीरीज में से एक बनाई थी।"
फिल्म में हाई-ऑक्टेन और रोमांचक एक्शन सीक्वेंस सुनिश्चित करने के लिए हॉलीवुड के मशहूर स्टंट डायरेक्टर पीटर पेड्रेरो भी इस प्रोजेक्ट का हिस्सा बने हैं, जिन्होंने हैरी पॉटर, फास्ट एंड फ्यूरियस, द एक्सपेंडेबल्स, गेम ऑफ थ्रोन्स और द कॉन्ज्यूरिंग जैसी फिल्मों में काम किया है।
फिल्म की कहानी पूरी तरह से यूनाइटेड किंगडम की पृष्ठभूमि पर आधारित होगी। यह एक मां-बेटी की कहानी है, जो पारिवारिक रहस्यों और अलौकिक शक्तियों के इर्द-गिर्द बुनी गई है।
इस फिल्म को क्रिएटिव तौर पर रॉबी ग्रेवाल ने प्रोड्यूस किया है। इसके को-प्रोड्यूसर शिव चनाना और सुनीता विनोद व्यास हैं। यह फिल्म 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
