बिहार हम बाढ़ से निपटने के लिए तैयार, कल से शुरू होगी 'नीतीश संवाद यात्रा', बोले संजय झा

बिहार हम बाढ़ से निपटने के लिए तैयार, कल से शुरू होगी नीतीश संवाद यात्रा, बोले संजय झा
जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के सांसद संजय कुमार झा ने शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार व्यक्त किए।

पटना, 4 सितंबर (आईएएनएस)। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के सांसद संजय कुमार झा ने शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार व्यक्त किए।

उन्होंने बिहार के कई इलाकों में आई बाढ़ के संदर्भ में अपनी बात रखी। उनके मुताबिक, हमने और मुख्यमंत्री ने हवाई सर्वेक्षण के जरिए सभी बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया। अभी बिहार के जिन इलाकों में पानी आ रहा है, वो अब 2016 से भी ज्यादा विकट स्थिति में है। हालांकि, जिस तरह की तैयारी सरकार की ओर से की जा रही है, उसे लेकर बिल्कुल भी घबराने की जरूरत नहीं है। आप नेपाल की स्थिति से वाकिफ है ही। बिहार सरकार पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि किसी भी प्रकार से स्थिति अप्रिय या चुनौतीपूर्ण नहीं हो। इस सरकार की ओर से आपदा से निपटने के लिए पूरा प्रोटोकॉल बना हुआ है। हम उस प्रोटोकॉल के तहत लोगों की मदद कर रहे हैं। हम पूरी स्थिति से निपटने के लिए तैयार है।

इसके अलावा, उन्होंने तेजस्वी यादव की ओर से उठाए जा रहे सवाल पर भी तीखी प्रतिक्रिया दी। उनके मुताबिक, अब फिर उनके बयान का जवाब देने के लिए मुझे इतिहास में जाना होगा। उन्हीं के समय में पटना के डीएम जेल गए थे। यही लोग इस आपदा का पूरा पैसा खा गए थे। यही लोग बाढ़ में लोगों को मछली खाने का सुझाव देते थे। जिन लोगों ने पूरी व्यवस्था को बदनाम कर दिया था, यह सबकुछ उन्हीं लोगों के द्वारा किया गया था। नीतीश कुमार हमेशा इस बात को कहते थे कि सरकार के खजाने पर सबसे पहला हक आपदा पीड़ितों का है। हमारी सबसे बड़ी कोशिश होती है कि पीड़ितों को समय पर मदद मिले। नेपाल सरकार ने बाढ़ से निपटने के लिए जिस तरह की रणनीति अपनाई है, वह उल्लेखनीय है। आज कल क्लाइमेट चेंज हो रहा है। इस वजह से इस तरह की स्थिति पैदा हो रही है। पूरे हिमालयन रेंज में ग्लेशियर मेल्ट कर रहा है। इसी वजह से ऐसी स्थिति पैदा हो रही है। बिहार सरकार पूरी स्थिति से निपटने के लिए तैयार है।

उधर, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बिहार में छात्रों के ऊपर हुए लाठीचार्ज की भी निंदा की। इस पर भी संजय कुमार झा ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि छात्रों पर जहां तक लाठीचार्ज की बात है, तो मैं एक बात साफ कर दूं कि राज्य सरकार की ओर से सारे केस वापस लिए जा चुके हैं। अगर कहीं पर कोई घटना हुई है, तो वहां पर फौरन कार्रवाई की गई। बिहार में राहुल गांधी सहित दूसरे नेता छात्रों के मुद्दे पर अपनी राजनीति चमकाने में लग गए। राहुल गांधी बिहार में चुनाव के दौरान ही आए थे। इसके बाद उनका आना कभी नहीं हुआ। उन्हें बिहार से कोई मतलब नहीं है, ना ही बिहार के लोगों से कोई मतलब है। लेकिन, वह हमेशा बिहार राजनीति करने के लिए पहुंच जाएंगे। लेकिन, अब बिहार की जनता इस तरह की स्थिति को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त करने वाली नहीं है।

उन्होंने कहा कि बिहार की जनता को इस बारे में भलीभांति पता है कि कैसे राज्य के छात्रों के हितों के लिए काम किया जा रहा है। इस दौरान अगर कोई घटना हुई है, तो सरकार ने उस पर फौरन संज्ञान लेकर कार्रवाई की है। बिहार की जनता के दिलों में नीतीश कुमार बसते हैं, उसे आप भला कैसे खत्म कर देंगे। आप इसे खत्म नहीं कर पाएंगे। हम लोग चुनाव से होकर आए हैं, तब भी इन लोगों की आंखें नहीं खुल रही है। जदयू बिहार की राजनीति की धुरी है। नीतीश कुमार के 20 साल का काम राज्य की जनता 100 सालों तक याद रखेगी। उनकी विरासत बड़ी है। आप लोगों के बीच में जाएंगे और नीतीश कुमार के बारे में पूछेंगे, तो लोग यही कहेंगे कि उनसे अच्छा नेता कोई नहीं है।

संजय झा ने कहा कि कल (शनिवार) से हम लोग 'नीतीश संवाद यात्रा' शुरू करेंगे। हम संवाद के यात्रा के जरिए लोगों से संपर्क स्थापित करने का काम करेंगे। कल से हम लोग बक्सर से इस यात्रा की शुरुआत करेंगे। इसके बाद बिहार के अन्य जिलों में इस यात्रा को लेकर जाएंगे। इस यात्रा के जरिए हम लोगों से अपना संपर्क स्थापित करने का काम करेंगे। गंगा नदी के 12 जिलों में हमारा कार्यक्रम प्रस्तावित है। यह बिहार से जुड़ा कार्यक्रम है, किसी पार्टी से नहीं। हमारी पार्टी यह मानती है कि 1996 में बिहार के साथ उस वक्त घोर अन्याय हुआ था, जब बिहार के हिस्से का पानी किसी और को दे दिया गया था। ये आप लोगों से भी जुड़ा मुद्दा है। हम इस मुद्दे के जरिए लोगों को संग्रहित करने का काम करेंगे।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   4 Sept 2026 12:44 PM IST

Tags

Next Story