'हम उनके प्रदर्शन से बेहद खुश हैं', गोल्ड जीतने पर बोले भारतीय महिला कबड्डी टीम की खिलाड़ी रितु श्योराण के पति नसीब
नई दिल्ली, 26 सितंबर (आईएएनएस)। भारतीय महिला कबड्डी टीम ने एशियन गेम्स 2026 में गोल्ड मेडल जीता। फाइनल में टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ईरान को 37-34 से हराया। टीम को चैंपियन बनाने में ऑलराउंडर खिलाड़ी रितु श्योराण ने अहम भूमिका निभाई। रितु के पति नसीब जांगू ने उनके दमदार प्रदर्शन पर खुशी जताई है।
नसीब ने 'आईएएनएस' के साथ बात करते हुए रितु और भारतीय महिला कबड्डी टीम को गोल्ड मेडल जीतने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि वह कबड्डी टीम के गोल्ड जीतने पर तमाम देशवासियों, कोचिंग स्टाफ, प्लेयर्स और कबड्डी फेडरेशन को बधाई और धन्यवाद देते हैं।
नसीब ने कहा कि उनकी पत्नी रितु पिछले तीन से चार साल से उनके साथ ही हंसावास स्थित वाइब्रेट कबड्डी अकादमी में प्रैक्टिस कर रही थीं।
भारतीय महिला कबड्डी खिलाड़ी के पति ने कहा कि वह रितु के प्रदर्शन से काफी खुश हैं। रितु ने जब भी टीम को जरूरत पड़ी तब मैट पर आकर शानदार प्रदर्शन किया। रितु अब एशियन गेम्स से लौटने के बाद साल 2030 में होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए तैयारी करेंगी।
भारतीय महिला कबड्डी टीम के गोल्ड मेडल जीतने पर हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के हॉस्टल में भी जमकर जश्न मना। भारतीय टीम में हिमाचल प्रदेश की तीन खिलाड़ी पुष्पा राणा, भावना और ज्योति भी शामिल रहीं, जिन्होंने देश को मेडल दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
महिला कबड्डी खिलाड़ी आकर्षिता ने 'आईएएनएस' के साथ बात करते हुए कहा कि वह हमारी सीनियर खिलाड़ी हैं और उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेल दिखाया।
उन्होंने कहा कि भारतीय टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए देश का नाम विश्व स्तर पर रोशन किया है। आकर्षिता ने बताया कि एक कबड्डी खिलाड़ी के तौर पर आपको कई चुनौतियों और उतार-चढ़ाव का सामना करना पड़ता है। उन्होंने भारतीय टीम को बधाई दी और कहा कि यहां आने पर खिलाड़ियों का जबरदस्त स्वागत किया जाएगा।
वहीं, साई धर्मशाला की कबड्डी खिलाड़ी निकिता ने भी भारतीय महिला कबड्डी टीम के गोल्ड मेडल जीतने पर बधाई दी। निकिता ने कहा कि उन्हें बहुत खुशी है कि साई धर्मशाला की तीन खिलाड़ी पुष्पा राणा, भावना और ज्योति ने विश्व स्तर पर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है।
उन्होंने कहा कि कबड्डी के अलावा अन्य खेलों में भी देश के खिलाड़ी लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और उन्हें उम्मीद है कि अभी काफी मेडल आने बाकी हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   26 Sept 2026 6:58 PM IST












