'हमें बराबर का सम्मान और हिस्सेदारी चाहिए', उत्तर प्रदेश में गठबंधन को लेकर कांग्रेस ने उठाई मांग
नई दिल्ली, 28 जून (आईएएनएस)। आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी ने समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन की चर्चाओं के बीच बड़ी मांग की है। कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि गठबंधन की स्थिति में हमें बराबर का सम्मान और हिम्मेदारी चाहिए। इसके साथ ही, उन्होंने पंजाब में अरविंद केजरीवाल की नई घोषणा पर भी जवाब दिया है।
राजेंद्र पाल गौतम ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "चुनाव की तैयारी पूरे उत्तर प्रदेश में चल रही है। गठबंधन की बात पार्टी का शीर्ष नेतृत्व करेगा। अगर गठबंधन होता है तो वह सम्मानजनक होगा। हमें बराबर का सम्मान और हिस्सेदारी चाहिए।"
अरविंद केजरीवाल की अमृतसर में माता सीता और लव-कुश का मंदिर बनवाने की घोषणा पर राजेंद्र पाल गौतम ने कहा, "केजरीवाल मेरे पुराने साथी हैं और मैं उनकी असलियत अच्छी तरह जानता हूं। वह भाजपा के लिए काम करेंगे और भाजपा जितना चाहेगी, उतना ही बोलेंगे। उससे अधिक बोलने की उनकी हिम्मत नहीं है। भाजपा अब आम आदमी पार्टी को खत्म नहीं करेगी। वह चाहती है कि ऐसी छोटी-छोटी पार्टियां बनी रहें और वोट काटती रहें, क्योंकि पूरा देश कांग्रेस की ओर देख रहा है। भाजपा खत्म न हो, इसलिए भाजपा थिंकटैंक ने सोच लिया है कि ऐसी छोटी पार्टियों को जिंदा रखो।"
बता दें कि पंजाब विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल ने रविवार को अपनी घोषणा में कहा, "पंजाब की धार्मिक धरोहर में नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। अमृतसर में लव-कुश और माता जानकी का भव्य मंदिर बनेगा।"
वहीं, कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने राम मंदिर से जुड़े मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, "ये लोग (भाजपा) मोहम्मद गौरी और गजनवी भी आगे निकल चुके हैं। उन लोगों का बड़ा देश का दुश्मन कोई नहीं हो सकता है। इन्होंने पहले लोगों की आस्था के साथ खिलवाड़ किया और फिर मंदिर का चढ़ावा इकट्ठा हुआ तो उसका भी गबन हो गया।"
राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज से पता चला है कि राम मंदिर के चढ़ावे में से 70 बार चोरी की गई थी। उन्होंने कहा, "यह (भाजपा) सिर्फ विधायक और सांसदों की चोरी नहीं कर रहे हैं, बल्कि देश के लोगों की आस्था को भी चुराने का काम किया जा रहा है। देश की जनता जरूर इसका जवाब देगी।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   28 Jun 2026 2:47 PM IST












