इगास हमारी समृद्ध लोकसंस्कृति, लोकआस्था और अपनी जड़ों से जुड़े रहने का प्रतीक पुष्कर सिंह धामी

देहरादून, 18 नवंबर (आईएएनएस)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को राज्य के लोगों को लोकपर्व इगास की बधाई दी। इसके साथ ही उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना भी की।
मुख्यमंत्री धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कुछ तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि शासकीय आवास पर लोकपर्व इगास के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य जनों एवं देवतुल्य जनता को इस पावन पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर सभी के साथ पारंपरिक भैलो खेलकर अग्नि देवता की पूजा-अर्चना की एवं समस्त प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि व खुशहाली की कामना की।
उन्होंने कहा कि इगास हमारी समृद्ध लोकसंस्कृति, लोकआस्था और अपनी जड़ों से जुड़े रहने का प्रतीक है। भैलो की रोशनी, लोकगीतों की गूंज और पारंपरिक उल्लास हमारी विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान को जीवंत बनाते हैं। हमारी संस्कृति और परंपराएं हमारी अमूल्य धरोहर हैं, जिन्हें संरक्षित कर अगली पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है।
उन्होंने कहा कि इस अवसर पर पूज्य साधु-संतों का आशीर्वाद भी प्राप्त हुआ। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्रीगण, विधायकगण, प्रदेश महामंत्री (संगठन) फणींद्र नाथ शर्मा सहित अन्य गणमान्य जन उपस्थित रहे।
इससे पहले उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की, जिसके बाद उन्होंने लिखा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी से भेंट कर सिंचाई विभाग सहित अन्य लंबित परिसंपत्ति विवादों के समाधान पर विस्तृत चर्चा की। दोनों राज्यों के आपसी सहयोग एवं समन्वय से अब तक 20 हजार करोड़ रुपए से अधिक मूल्य के परिसंपत्ति विवादों का समाधान हो चुका है तथा अन्य लंबित प्रकरणों के निस्तारण की प्रक्रिया भी गतिमान है। आज की बैठक में शेष प्रकरणों का भी यथाशीघ्र समाधान करने पर सहमति बनी।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड के हितों से जुड़े विषयों पर निरंतर सहयोग एवं सकारात्मक पहल के लिए सीएम योगी जी का हार्दिक आभार। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज भी साथ रहे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
