आईआईटी बॉम्बे छात्र साहिल वाकोडे मौत मामले में परिजनों ने की भूख हड़ताल, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

आईआईटी बॉम्बे छात्र साहिल वाकोडे मौत मामले में परिजनों ने की भूख हड़ताल, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
मुंबई के आजाद मैदान में आईआईटी बॉम्बे के छात्र साहिल वाकोडे के माता-पिता ने भूख हड़ताल शुरू कर दी है। साहिल की मौत के मामले में न्याय की मांग को लेकर उसके माता-पिता रवींद्र और सोनाली वाकोडे विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। परिवार की मुख्य मांग है कि एफआईआर में जिन लोगों के नाम हैं, उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।

मुंबई, 28 सितंबर (आईएएनएस)। मुंबई के आजाद मैदान में आईआईटी बॉम्बे के छात्र साहिल वाकोडे के माता-पिता ने भूख हड़ताल शुरू कर दी है। साहिल की मौत के मामले में न्याय की मांग को लेकर उसके माता-पिता रवींद्र और सोनाली वाकोडे विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। परिवार की मुख्य मांग है कि एफआईआर में जिन लोगों के नाम हैं, उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।

साहिल के पिता रवींद्र वाकोडे ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा, "जिन लोगों का नाम एफआईआर में है उन्हें गिरफ्तार किया जाए। जब तक मेरी यह मांग पूरी नहीं हो जाती, तब तक भूख हड़ताल जारी रहेगी। जांच सही तरीके से हो रही है, लेकिन मेरी मांग है कि पुलिस जल्द से जल्द सबूत इकट्ठा कर आरोपियों को गिरफ्तार करे।"

उन्होंने यह भी कहा कि परिवार ने क्राइम ब्रांच को पूछताछ के दौरान अपना बयान दर्ज करा दिया है और जांच में सहयोग के लिए जरूरी जानकारी भी दी है। परिवार को क्राइम ब्रांच की जांच पर भरोसा है, लेकिन वे चाहते हैं कि कार्रवाई में तेजी लाई जाए। वहीं साहिल की मां सोनाली वाकोडे ने न्याय की गुहार लगाई। उन्होंने कहा, "आरोपियों को जल्दी से जल्दी अरेस्ट किया जाए, यही हमारी मांग है। मेरे बच्चे के लिए मुझे न्याय चाहिए।"

परिवार का प्रतिनिधित्व कर रहे एडवोकेट निखिल कांबले ने कहा, "साहिल का परिवार आजाद मैदान में भूख हड़ताल पर बैठा है। उनकी एक ही मांग है कि एफआईआर में जिनके नाम हैं, उनको अरेस्ट किया जाना चाहिए।"

जांच की प्रगति को लेकर वकील ने कहा कि इस मामले की जांच फिलहाल क्राइम ब्रांच कर रही है और जांच की स्थिति के बारे में वही बेहतर जानकारी दे सकती है। उन्होंने कहा, "हमें उम्मीद है कि क्राइम ब्रांच ठीक तरीके से जांच कर रही है। जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक यह प्रदर्शन जारी रहेगा।"

प्रदर्शन की अनुमति को लेकर एडवोकेट कांबले ने बताया कि हाईकोर्ट के निर्देश और महाराष्ट्र सरकार के जीआर के अनुसार, विरोध प्रदर्शन के लिए रोजाना अनुमति के लिए आवेदन करना होता है। उन्होंने कहा कि यदि प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से किया जा रहा है, तो रोजाना अनुमति मिल सकती है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   28 Sept 2026 4:08 PM IST

Tags

Next Story