इंडिया अलायंस की बैठक पर भाजपा नेताओं का पलटवार, कहा- बिखरा हुआ गठबंधन
नई दिल्ली, 7 जून (आईएएनएस)। 8 जून को दिल्ली में होने वाली इंडिया गठबंधन की बैठक को लेकर भाजपा के नेताओं ने विपक्षी दलों पर तंज कसा है। भाजपा नेताओं का कहना है कि पीएम मोदी के विरोध में बनाया गया इंडिया गठबंधन अब बिखर चुका है। वहीं, सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि जब तक पीएम मोदी स्वस्थ हैं, वही प्रधानमंत्री रहने वाले हैं।
भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि नरेंद्र मोदी देश में सबसे अधिक समय तक प्रधानमंत्री रहने वाले व्यक्ति बन गए हैं और आगे भी नए रिकॉर्ड बनाएंगे। जब तक वह स्वस्थ रहेंगे, तब तक वह प्रधानमंत्री रहेंगे। देश की जनता ने यह ठान लिया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल को लेकर भाजपा के महासचिव तरुण चुघ ने कहा कि पीएम मोदी का कार्यकाल और भी लंबा होने वाला है। भारत का हर नागरिक उन्हें आशीर्वाद दे रहा है कि आप आगे बढ़ें। पीएम मोदी का कार्यकाल सिर्फ लंबा ही नहीं, बल्कि भारत की चमक और दमक बढ़ाने वाला भी है।
तरुण चुघ ने प्रदर्शनों को लेकर कहा कि कुछ विदेशी ताकतें भारत के अंदर द्वेषपूर्ण वातावरण बनाने का प्रयास कर रही हैं। उनका यह प्रयास सफल नहीं होगा, क्योंकि जेन-जी इन विदेशी ताकतों के षड्यंत्रों को समझती है और इनकी टूलकिट का हिस्सा बने राजनीतिक दलों की मंशा को भी पहचानती है। इन्हें जनता का समर्थन नहीं मिल रहा है। नौजवान देश की तरक्की में लगे हुए हैं। पीएम मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास कर रहा है। इन लोगों की दाल गलने वाली नहीं है।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता आर.पी. सिंह ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 10 जून को सबसे अधिक समय तक प्रधानमंत्री रहने वाले व्यक्ति बन जाएंगे। देश की जनता ने उन्हें भरपूर आशीर्वाद दिया है। यह आशीर्वाद उन्हें जनकल्याणकारी योजनाओं की वजह से मिल रहा है और आगे भी मिलता रहेगा।
उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन प्रधानमंत्री मोदी के विरोध में बना था, न कि किसी राजनीतिक विचारधारा के आधार पर। इसी कारण यह गठबंधन अब बिखर गया है। कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक यह गठबंधन कमजोर पड़ चुका है। बड़ा सवाल यह है कि क्या राहुल गांधी विपक्ष के नेता बने रह पाएंगे? डीएमके ने मांग की है कि संसद में उनकी सीट अलग की जाए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपना दबदबा बनाए रखना चाहती है, लेकिन क्षेत्रीय पार्टियां इसे मानने को तैयार नहीं हैं। झारखंड में भी गठबंधन के भीतर नाराजगी है और उत्तर प्रदेश में भी ऐसी स्थिति देखने को मिल सकती है। राजद पहले ही खुद को इससे अलग कर चुकी है।
वहीं, भाजपा प्रवक्ता तुहिन सिन्हा ने कहा कि जिस तरह पश्चिम बंगाल में टीएमसी टूट रही है, उसी तरह देश में इंडिया गठबंधन भी बिखर रहा है। यह केवल एक भ्रम है, क्योंकि वास्तव में यह गठबंधन बचा ही नहीं है। डीएमके संसद में अपनी सीट अलग करने की मांग को लेकर पत्र लिख चुकी है। शरद पवार की पार्टी भी गठबंधन की बैठक में नहीं जा रही है। झारखंड में जेएमएम और कांग्रेस के बीच विवाद शुरू हो गया है। ऐसे में राहुल गांधी का इंडिया गठबंधन का नेतृत्व करने का सपना टूट सकता है। इसके लिए राहुल गांधी की अवसरवादी राजनीति जिम्मेदार है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   7 Jun 2026 4:21 PM IST












