भारत- रूस ने पाकिस्तान और अफगानिस्तान के मुद्दे पर की विशेष वार्ता

मास्को, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत-रूस की अहम बैठक मास्को में आयोजित की गई। भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार पवन कपूर ने किया, जबकि रूसी पक्ष का नेतृत्व सुरक्षा परिषद के उप सचिव अलेक्जेंडर वेनेडिक्टोव ने किया।
मास्को स्थित भारतीय दूतावास ने बुधवार को एक्स पर पोस्ट किया, "उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार पवन कपूर ने मास्को में रूसी सुरक्षा परिषद के उप सचिव अलेक्जेंडर वेनेडिक्टोव के साथ पाकिस्तान और अफगानिस्तान पर छठे भारत-रूस विशेष तंत्र (इंडिया-रशिया स्पेशल मैकेनिज्म ऑन पाकिस्तान एंड अफगानिस्तान) की बैठक की। यहां, भारत-रूस विशिष्ट एवं विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी के ढांचे में वर्तमान संघर्षों और क्षेत्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दों पर भी चर्चा हुई।"
अगस्त में, अपनी रूस यात्रा के दौरान, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने मास्को में रूस के प्रथम उप प्रधानमंत्री डेनिस मंटुरोव से मुलाकात की थी और दोनों देशों के बीच गहरी होती रणनीतिक साझेदारी पर जोर दिया था।
बैठक के दौरान, डोभाल और मंटुरोव ने सैन्य-तकनीकी सहयोग से लेकर नागरिक उड्डयन, धातु विज्ञान और रासायनिक उद्योग जैसे रणनीतिक क्षेत्रों में संयुक्त परियोजनाओं तक, कई व्यापक मुद्दों पर चर्चा की थी।
एनएसए डोभाल ने रूस के सुरक्षा परिषद सचिव सर्गेई शोइगु से मुलाकात कर दोनों पक्षों ने रणनीतिक संबंधों को गहरा करने और बहुपक्षीय मंचों पर सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर मंथन किया था।
दोनों पक्षों ने वार्षिक शिखर सम्मेलन 2025 से पहले सहयोगात्मक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया और बहुपक्षीय मंचों पर रूस-भारत सहयोग के साथ-साथ प्रमुख वैश्विक सुरक्षा मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया।
डोभाल का क्रेमलिन में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भी स्वागत किया, जो नई दिल्ली और मास्को के बीच विकसित हो रही रणनीतिक साझेदारी में एक महत्वपूर्ण क्षण था।
क्रेमलिन ने वार्ता को "रचनात्मक" बताया और बदलते वैश्विक परिदृश्यों के बावजूद दोनों देशों के बीच संवाद की निरंतरता को रेखांकित किया।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   1 Oct 2025 6:34 PM IST