स्वास्थ्य/चिकित्सा: बाढ़ प्रभावित नाइजीरिया की मदद लिए आगे आया भारत, 15 टन मानवीय सहायता भेजी

बाढ़ प्रभावित नाइजीरिया की मदद लिए आगे आया भारत, 15 टन मानवीय सहायता भेजी
भारत ने गुरुवार को नाइजीरिया को 15 टन मानवीय सहायता भेजी। पश्चिमी अफ्रीकी देश में विनाशकारी बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। बाढ़ की वजह से सैकड़ों लोगों की मौत हो गई है। नई दिल्ली ने इसके अलावा अफ्रीकी राष्ट्र को 60 टन अतिरिक्त सहायता देने की भी घोषणा की।

नई दिल्ली, 14 नवंबर (आईएएनएस)। भारत ने गुरुवार को नाइजीरिया को 15 टन मानवीय सहायता भेजी। पश्चिमी अफ्रीकी देश में विनाशकारी बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। बाढ़ की वजह से सैकड़ों लोगों की मौत हो गई है। नई दिल्ली ने इसके अलावा अफ्रीकी राष्ट्र को 60 टन अतिरिक्त सहायता देने की भी घोषणा की।

विदेश मंत्रालय (एमईए) ने एक्स पर एक पोस्ट कर इसकी जानकारी दी है। इसमें कहा गया, " मानवीय सहायता के लिए प्रतिबद्ध...भारत ने नाइजीरिया में आई विनाशकारी बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए 15 टन सहायता भेजी है। आने वाले समय में 60 टन अतिरिक्त सहायता और भेजी जाएगी।"

विदेश मंत्रालय ने जानकारी दी कि इस सहायता में भोजन, चटाई, कंबल, वाटर प्यूरिफिकेशन सप्लाई और अन्य राहत सामान शामिल हैं।

इस साल नाइजीरिया के अधिकतर हिस्सों में आई बाढ़ के कारण अब तक कम से कम 321 लोगों की मौत हो गई है और 740,000 से अधिक लोग विस्थापित हुए हैं।

इसके अलावा, सबसे अधिक आबादी वाले अफ्रीकी देश में लंबे समय तक हुई बारिश के कारण आई बाढ़ में लगभग 2,854 लोग घायल हुए हैं। दक्षिण-पूर्वी राज्य अनाम्ब्रा के गवर्नर चुक्वुमा सोलुडो ने यह जानकारी उपराष्ट्रपति काशिम शेट्टीमा की अध्यक्षता में आयोजित मासिक राष्ट्रीय आर्थिक परिषद की बैठक के बाद दी।

सोलुडो ने कहा, "देश बाढ़ की वजह से राष्ट्रीय आपातकाल का सामना कर रहा है और अब तक की रिपोर्ट में इसे एक बड़ी राष्ट्रीय आपदा बताया गया है। बड़े पैमाने पर विस्थापन, जान-माल की हानि, तथा घरों को नुकसान हुआ है।"

उन्होंने आगे कहा, "देश के 36 में से 34 राज्यों में बाढ़ आई है और इसकी वजह से 774 स्थानीय सरकार क्षेत्रों (एलजीए) में से 217 प्रभावित हुए हैं। इसके अलावा विनाशकारी बाढ़ की वजह से 740,743 लोगों ने अपना घर छोड़ा है। इस बाढ़ की वजह से 281,000 घरों और 258,000 खेती योग्य भूमि नष्ट या प्रभावित हुई है।"

इस बीच, संयुक्त राष्ट्र एजेंसियों ने नाइजीरिया में मदद जारी रखने की अपील की है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   14 Nov 2024 6:53 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story