स्वदेशी हाइड्रोजन ट्रेन का शुरू होना ग्रीन मोबिलिटी की दिशा में ऐतिहासिक क्षण पीयूष गोयल
नई दिल्ली, 17 जुलाई (आईएएनएस)। केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शुक्रवार को देश में स्वदेशी हाइड्रोजन ट्रेन की शुरुआत को ऐतिहासिक बताया है। साथ ही कहा कि यह भारत के ग्रीन मोबिलिटी भविष्य की दिशा में एक अहम कदम है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर गोयल ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जिंद-सोनीपत मार्ग पर भारत की पहली स्वदेशी हाइड्रोजन-संचालित ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। 1200 किलोवाट हाइड्रोजन फ्यूल सेल प्रोपल्शन सिस्टम से लैस और केवल जलवाष्प का उत्सर्जन करने वाली यह 10-कोच की इंजीनियरिंग उपलब्धि आत्मनिर्भरभारत और स्वच्छ, हरित भविष्य की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।
उन्होंने पोस्ट में आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नवाचार-आधारित, नेट-जीरो विकास के विजन के मार्गदर्शन में एवं जिंद में विकसित स्वदेशी हाइड्रोजन भंडारण और रीफ्यूलिंग इन्फ्रास्ट्रक्चर के समर्थन से भारत टिकाऊ रेल परिवहन की दिशा में अग्रणी देशों के चुनिंदा समूह में शामिल हो गया है और क्लीन मोबिलिट के क्षेत्र में नए मानक स्थापित कर रहा है।
हाइड्रोजन ट्रेन पारंपरिक ईंधन जैसे डीजल और बिजली से चलने वाली ट्रेनों से काफी अलग होगी। इसका ऊर्जा हासिल करने का तरीका एकदम भिन्न है।
हाइड्रोजन ट्रेन अपने साथ एक छोटा पावर प्लांट लेकर चलती है, जो प्रोटॉन एक्सचेंज मेम्ब्रेन (पीईएम) फ्यूल सेल के रूप में होता है। ट्रेन के सिलेंडरों में संग्रहित हाइड्रोजन फ्यूल सेल के भीतर आसपास की हवा से मिलने वाली ऑक्सीजन के साथ प्रतिक्रिया करती है। इस प्रक्रिया से बिजली उत्पन्न होती है, जो ट्रैक्शन मोटरों को चलाकर ट्रेन के पहियों को गति देती है। इस विद्युत-रासायनिक प्रतिक्रिया के प्रत्यक्ष उप-उत्पाद केवल जलवाष्प और ऊष्मा होते हैं। इसमें न तो ईंधन जलाया जाता है, न धुआं निकलता है और न ही कार्बन उत्सर्जन होता है।
रेलवे की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, हाइड्रोजन फ्यूल सेल संचालित ट्रेन का प्रारंभिक संचालन उत्तर रेलवे के जींद-सोनीपत रेलखंड पर किया जाएगा। यह ट्रेन जींद जंक्शन, गोहाना जंक्शन और सोनीपत को जोड़ेगी। साथ ही यह मार्ग के बीच स्थित स्टेशनों और प्रस्तावित ठहरावों पर भी सेवा देगी। इनमें जींद सिटी, पांडू पिंडारा जंक्शन, ललित खेड़ा हॉल्ट, भंभेवा, इसापुर खेड़ी हॉल्ट, बुटाना हॉल्ट, खंडराई हॉल्ट, रभराह हॉल्ट, लाठ हॉल्ट, मोहाना, बरवासनी हॉल्ट और सोनीपत न्यू शामिल हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   17 July 2026 11:32 AM IST












