इंदौर अग्निकांड बिहार के 6 लोगों की मौत पर सीएम नीतीश ने जताया शोक, पीड़ित परिवारों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा
पटना, 19 मार्च (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मध्य प्रदेश के इंदौर में इलेक्ट्रिक कार के चार्जिंग प्वाइंट में शॉर्ट सर्किट से घर में लगी आग से बिहार के किशनगंज जिले के रहने वाले छह लोगों की मौत पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने इस घटना को काफी दुखद बताया है। मुख्यमंत्री ने गुरुवार को मृतकों के शोक संतप्त परिवार को मुख्यमंत्री राहत कोष से दो-दो लाख रुपये अनुग्रह अनुदान देने का निर्देश दिया है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्थानिक आयुक्त, नई दिल्ली को निर्देश दिया है कि मध्य प्रदेश सरकार से आवश्यक समन्वय स्थापित कर मृतकों के पार्थिव शरीर को उनके गांव तक पहुंचाने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की चिर शांति और उनके परिजनों को दुख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।
बता दें कि मध्य प्रदेश के इंदौर में कार चार्जिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लग गई, जिसने विकराल रूप ले लिया। इस हादसे में बिहार के किशनगंज के रहने वाले छह लोगों की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार को बंगाली चौराहा क्षेत्र में स्थित बृजेश्वरी कॉलोनी में कार को चार्ज किया जा रहा था, तभी चार्जिंग के दौरान आग लग गई और देखते ही देखते इस आग ने विकराल रूप ले लिया। पूरी इमारत में आग की लपटें नजर आने लगीं। इस आग की चपेट में घर के अंदर रखे गैस सिलेंडर भी आ गए और एक-एक कर कई गैस सिलेंडर में धमाका हुआ। इसके चलते मकान का कुछ हिस्सा भी ढह गया।
बताया गया कि इंदौर के बंगाली चौराहे के पास हुई इस घटना के शिकार विजय सेठिया की बेटी रुचिका, नाती तन्य जैन, नातिन राशि जैन मंगलवार की रात ही इंदौर अपने फूफा के घर पहुंची थी। रुचिका अपने बीमार पिता से मिलने गई थी, जबकि कार्तिक सेठिया अपने ताऊ और ताई से मिलने गए थे। रुचिका के पिता विजय सेठिया लगभग एक महीने से इंदौर में अपने बहनोई के घर पर इलाज के लिए रुके थे, तो बेटी रुचिका अपने बच्चों के साथ पिता को देखने गई थी। विजय सेठिया किशनगंज में 30 से 40 वर्षों से किराए के मकान में रहते थे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   19 March 2026 11:30 AM IST












