आईपीएल 2026 अभिषेक ने खेली तूफानी पारी, बटलर-जयसूर्या के रिकॉर्ड की बराबरी की

न्यू चंडीगढ़, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 के 17वें मुकाबले में शनिवार को सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) की भिड़ंत पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के साथ हो रही है। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला मुल्लांपुर के महाराज यदविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। अभिषेक शर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 28 गेंदों में 74 रनों की दमदार पारी खेली।
अभिषेक ने खास मामले में सनत जयसूर्या और जोस बटलर के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। अभिषेक ने 74 रनों की धमाकेदार पारी में 5 चौके और 8 गगनचुंबी छक्के लगाए। अभिषेक के आगे पंजाब किंग्स का गेंदबाजी अटैक पूरी तरह से बेबस नजर आया। अभिषेक ने आईपीएल में शुरुआती छह ओवरों में एक पारी में सर्वाधिक छक्के लगाने के मामले में सनत जयसूर्या और जोस बटलर के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है।
अभिषेक ने पंजाब किंग्स के खिलाफ इस मुकाबले में छह ओवर के पावरप्ले में 7 छक्के लगाए। वहीं, सनत जयसूर्या ने साल 2008 में मुंबई इंडियंस की ओर से चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में 7 छक्के लगाए थे। वहीं, जोस बटलर ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 2018 में शुरुआती छह ओवरों में 7 छक्के लगाए थे।
ट्रेविस हेड के साथ मिलकर अभिषेक शर्मा ने सनराइजर्स हैदराबाद को तूफानी शुरुआत दी। अभिषेक और हेड ने मिलकर पहले विकेट के लिए 8.1 ओवर में 120 रन जोड़े। हेड 23 गेंदों में 5 चौके और एक छक्के की मदद से 38 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि, कप्तान ईशान किशन अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहे और उन्होंने 17 गेंदों में 27 रन बनाए।
अभिषेक और हेड की शानदार बल्लेबाजी के बूते एसआरएच ने छह ओवर के पावरप्ले में बिना कोई विकेट गंवाए 105 रन बनाए, जो आईपीएल इतिहास में पावरप्ले में बनाया गया तीसरा सबसे बड़ा स्कोर है। इस लीग के पावरप्ले में सबसे बड़ा स्कोर बनाने का रिकॉर्ड भी सनराइजर्स हैदराबाद के नाम दर्ज है। एसआरएच ने साल 2024 में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में शुरुआती 6 ओवरों के पावरप्ले में 125 रन बनाए थे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   11 April 2026 5:20 PM IST











