आईपीएल 2026 अभिषेक शर्मा लगा सकते हैं 'स्पेशल सेंचुरी', इस दिग्गज के क्लब में मारेंगे एंट्री

नई दिल्ली, 19 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट हो या आईपीएल, अभिषेक के खेलने का अंदाज एक समान रहता है। टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में विस्फोटक अर्धशतक लगाकर भारत को चैंपियन बनाने में अपना खास योगदान देने वाले अभिषेक की नजर अब आईपीएल 2026 पर है। 28 मार्च से शुरू हो रहे अगले सीजन में अभिषेक के नाम एक खास उपलब्धि जुड़ सकती है।
अभिषेक शर्मा 2019 से एसआरएच की तरफ से खेल रहे हैं। साल-दर-साल लगातार उनका ग्राफ बढ़ता गया है। आईपीएल 2025 तक एसआरएच के लिए अभिषेक ने 74 मैचों में 96 छक्के लगाए हैं। आईपीएल 2026 में 4 छक्के और लगाते ही अभिषेक के एसआरच की तरफ से 100 छक्के पूरे हो जाएंगे और ऐसा करने वाले वह टीम के सिर्फ दूसरे बल्लेबाज होंगे।
एसआरएच के लिए 100 या उससे अधिक छक्के लगाने वाले एकमात्र बल्लेबाज पूर्व कप्तान और 2016 में टीम को चैंपियन बनाने वाले दिग्गज खिलाड़ी डेविड वॉर्नर हैं। वॉर्नर ने 2014 से 2021 के बीच एसआरएच के लिए 95 मैचों में 143 छक्के लगाए हैं।
अभिषेक आईपीएल 2026 में एसआरएच के लिए 2,000 रन भी पूरे कर सकते हैं। ऐसा करने वाले वह टीम के चौथे बल्लेबाज बनेंगे। इसके लिए उन्हें 247 रनों की जरूरत है। अभिषेक फॉर्म में लौट चुके हैं और टूर्नामेंट लंबा है, इसलिए पूरी संभावना है कि वह 2,000 रन का आंकड़ा आगामी सीजन में छू लेंगे।
अभिषेक एसआरएच की तरफ से सर्वाधिक रन बनाने वाले चौथे बल्लेबाज हैं। वह 1 शतक और 9 अर्धशतकों की मदद से 1,753 रन बना चुके हैं। आगामी सीजन में 2,000 रन पूरा करने के साथ ही उनके पास केन विलियमसन को पीछे छोड़ते हुए टीम का तीसरा सफल बल्लेबाज बनने का अवसर है। विलियमसन ने 2015 से 2022 के बीच 76 मैचों में 2,101 रन बनाए थे।
एसआरएच के लिए सबसे सफल बल्लेबाज डेविड वॉर्नर हैं। वॉर्नर ने 2 शतक और 40 अर्धशतकों की मदद से 4,014 रन बनाए हैं। दूसरे स्थान पर शिखर धवन हैं, जिन्होंने 2013 से 2018 के बीच 91 मैचों में 21 शतक लगाते हुए 2,768 रन बनाए हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   20 March 2026 12:43 PM IST












