आईपीएल 2026 अंक तालिका में पहले स्थान पर पहुंची पंजाब किंग्स, केकेआर का खुला खाता

कोलकाता, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। पंजाब किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के बीच सोमवार को ईडन गार्डन्स के मैदान पर खेला गया मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया। दोनों टीमों को एक-एक अंक मिले, जिसके बाद पंजाब किंग्स की टीम अंक तालिका में पहले स्थान पर पहुंच गई है। वहीं, केकेआर का भी खाता खुल गया है।
आईपीएल 2026 के 12वें मुकाबले में केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही, और फिन एलन 7 गेंदों का सामना करने के बाद सिर्फ 6 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, कैमरून ग्रीन का निराशाजनक प्रदर्शन लगातार तीसरे मुकाबले में भी जारी रहा, और वह सिर्फ 4 रन ही बना सके। 3.2 ओवर के बाद केकेआर ने स्कोरबोर्ड पर 2 विकेट खोकर 25 रन लगाए थे, और पंजाब किंग्स के गेंदबाज पूरी तरह से हावी दिखाई दे रहे थे। हालांकि, तभी तेज बारिश शुरू हो गई, जो अगले 3 घंटे तक होती रही। मैदान पूरी तरह से गीला होने की वजह से अंपायर्स ने आखिर में मुकाबले को रद्द करने का फैसला किया, जिसके बाद केकेआर और पंजाब किंग्स को एक-एक अंक मिला।
आईपीएल 2026 में बारिश की बदौलत केकेआर को पहला अंक मिला, और वह अब अंक तालिका में 8वें नंबर पर आ गई है। केकेआर ने 3 मुकाबलों में से 2 में हार का सामना किया है। वहीं, पंजाब किंग्स के अब 3 मुकाबलों के बाद 5 अंक हो गए हैं, और श्रेयस अय्यर की अगुवाई में टीम अंक तालिका में पहले स्थान पर पहुंच गई है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) दूसरे स्थान पर खिसक गई है। आरसीबी के 2 मुकाबलों में 4 अंक हैं, जबकि 4 अंकों के साथ ही राजस्थान रॉयल्स की टीम तीसरे नंबर पर काबिज है।
दिल्ली कैपिटल्स शुरुआती दोनों मुकाबले जीतकर 4 अंकों के साथ अंक तालिका में चौथे नंबर पर मौजूद है। वहीं, सनराइजर्स हैदराबाद 3 मुकाबलों में सिर्फ एक जीत दर्ज करने के कारण अंक तालिका में पांचवें नंबर पर है। मुंबई इंडियंस 2 मुकाबलों में दो अंक के साथ अंक तालिका में छठे नंबर पर है, जबकि लखनऊ सुपरजायंट्स 2 मुकाबलों में एक जीत के बाद अंक तालिका में सातवें नंबर पर मौजूद है।
वहीं, गुजरात टाइटंस और चेन्नई सुपर किंग्स को इस सीजन की अपनी पहली जीत की तलाश है। गुजरात टाइटंस ने इस सीजन खेले अब तक दोनों ही मुकाबलों में हार का सामना किया है और अंक तालिका में टीम 9वें स्थान पर है, तो चेन्नई सुपर किंग्स भी 2 मुकाबले गंवाने की वजह से अंक तालिका में सबसे निचले पायदान पर काबिज है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   7 April 2026 8:47 AM IST












