आईपीएल 2026 दसुन शनाका राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा बने, सैम करन की जगह ली

आईपीएल 2026 दसुन शनाका राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा बने, सैम करन की जगह ली
राजस्थान रॉयल्स (आरआर) ने इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (आईपीएल 2026) के लिए सैम करन की जगह श्रीलंकाई ऑलराउंडर दसुन शनाका को टीम में शामिल करने की घोषणा की है। सैम करन चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं।

जयपुर, 23 मार्च (आईपीएल)। राजस्थान रॉयल्स (आरआर) ने इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (आईपीएल 2026) के लिए सैम करन की जगह श्रीलंकाई ऑलराउंडर दसुन शनाका को टीम में शामिल करने की घोषणा की है। सैम करन चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं।

राजस्थान रॉयल्स के क्रिकेट निदेशक और मुख्य कोच कुमार संगकारा ने कहा, "सीजन शुरू होने से ठीक पहले सैम जैसे बेहतरीन खिलाड़ी को खोना हमारे लिए निराशाजनक है। सैम बल्ले और गेंद, दोनों से टीम के लिए बहुत अहम योगदान देते हैं। हालांकि, हमें खुशी है कि हमें दसुन शनाका के रूप में एक बेहतरीन विकल्प मिल गया है। वह बल्ले से एक शानदार फिनिशर हैं और एक बेहतरीन ऑलराउंडर भी हैं, जो हमारी टीम का संतुलन बनाए रखने में मदद करेंगे।"

आईपीएल की तरफ से भी आरआर द्वारा आईपीएल 2026 के लिए चोटिल सैम करन की जगह दसुन शनाका को टीम में शामिल किए जाने की पुष्टि की गई है। दसुन शनाका, करन की जगह 2 करोड़ रुपये में आरआर से जुड़ेंगे।

सैम करन आईपीएल 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) का हिस्सा थे। उन्हें रवींद्र जडेजा के साथ आरआर में ट्रेड किया गया था। इसके बदले में, सीएसके ने आरआर से संजू सैमसन को टीम में शामिल किया था।

दसुन शनाका आईपीएल 2026 के लिए अबू धाबी में हुई नीलामी में अनसोल्ड रहे थे। इसके बाद पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) में आगामी सीजन के लिए लाहौर कलंदर्स ने उन्हें 75 लाख पाकिस्तानी रुपये में अपनी टीम में शामिल कर लिया था। सैम करन की इंजरी की वजह से आरआर से मिले प्रस्ताव के बाद शनाका ने पीएसएल से अपना नाम वापस लेते हुए आईपीएल में खेलने का फैसला किया है।

शनाका इससे पहले आईपीएल में गुजरात टाइटंस (जीटी) की तरफ से खेल चुके हैं। शनाका ने इससे पहले आईपीएल 2023 में गुजरात टाइटंस के लिए, चोटिल न्यूजीलैंड के बल्लेबाज केन विलियमसन की जगह पर, खेला था, जहां उन्होंने तीन मैचों में 26 रन बनाए थे। 2025 में जीटी ने उन्हें फिर से, चोटिल न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर ग्लेन फिलिप्स की जगह पर, सीजन के बीच में रिप्लेसमेंट खिलाड़ी के तौर पर साइन किया था, लेकिन उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला था।

शनाका के शामिल किए जाने से निश्चित रूप से आरआर की टीम बल्लेबाजी और गेंदबाजी में संतुलित हुई है। शनाका श्रीलंका के लिए 131 टी20 मैचों की 118 पारियों में 8 अर्धशतक लगाते हुए 1,912 रन बना चुके हैं। उनका सर्वाधिक स्कोर नाबाद 76 रन है। इसके अलावा, वह 46 विकेट भी ले चुके हैं।

राजस्थान रॉयल्स आईपीएल 2026 में अपना पहला मैच 30 मार्च को चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ गुवाहाटी में खेलेगी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   23 March 2026 5:53 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story