भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन 24 और 25 मार्च को पश्चिम बंगाल का दौरा करेंगे
नई दिल्ली, 23 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 24 और 25 मार्च को पश्चिम बंगाल का दौरा करेंगे। इस दौरान वह कोलकाता में संगठनात्मक बैठकों में भाग लेंगे। वे राज्य के कोर ग्रुप के नेताओं के साथ भी बैठक करेंगे, जिसमें आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा होगी।
इससे पहले 2 मार्च को भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने पश्चिम बंगाल का दौरा किया था। इस दौरान उन्होंने सिलीगुड़ी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री और टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी पर निशाना साधा था। घुसपैठ के मुद्दे को लेकर नितिन नवीन ने कहा था कि जिस तरह से बंगाल बांग्लादेशियों के देश में घुसने का रास्ता बन गया है, उससे हमारे डेमोग्राफिक बैलेंस के बिगड़ने का खतरा है।
नितिन नवीन ने पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में व्यापार, वाणिज्य और व्यवसाय क्षेत्रों के दिग्गजों से बात करते हुए कहा, "बंगाल पहले सबसे बड़ा औद्योगिक क्षेत्र था, लेकिन इसमें तेजी से गिरावट हो रही है, और इसकी जिम्मेदार राज्य सरकार है, क्योंकि जिस प्रकार से इसको महत्व देना था, इस इलाके को यहां की राज्य सरकार ने महत्व ही नहीं दिया। भारत की अर्थव्यवस्था में पहले बंगाल का 10 प्रतिशत योगदान होता था, जो आज घटकर 5 प्रतिशत पर आ गया है। इससे आप अंदाजा लगा सकते हैं कि यहां की राज्य सरकार की मानसिकता क्या है।"
उन्होंने आगे कहा, "ममता सरकार में बंगाल आज भ्रष्टाचार और हिंसा का गढ़ बन गया है। जो पश्चिम बंगाल की पहचान थी, ममता सरकार ने उसे मिटाने का काम किया है।"
इसी बीच, भाजपा अध्यक्ष ने घुसपैठियों का मुद्दा उठाते हुए कहा, "राज्य सरकार बंगाल के लोगों को पलायन करने के लिए मजबूर कर रही है, जबकि बांग्लादेश से आए घुसपैठियों को यहां बसने दे रही है। मतदाता सूची से 50 लाख से ज्यादा नाम हटा दिए गए हैं। यह साफ है कि उन्हें बसाने में किसने मदद की और उन्हें अधिकार दिए।"
बता दें कि पश्चिम बंगाल में मतदान 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को दो चरणों में होगा। इसके बाद सभी राज्यों की विधानसभा सीटों पर मतगणना 4 मई को होगी। यह साल 2021 के विधानसभा चुनाव से बिल्कुल अलग है, जब मतदान 27 मार्च से 29 अप्रैल के बीच आठ चरणों में हुआ था।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   23 March 2026 5:47 PM IST












