पीएम मोदी 28 मार्च को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का करेंगे उद्घाटन, हाईटेक सुविधाओं से लैस होगा टर्मिनल

पीएम मोदी 28 मार्च को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का करेंगे उद्घाटन, हाईटेक सुविधाओं से लैस होगा टर्मिनल
देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 28 मार्च को नए नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का भव्य उद्घाटन किया जाएगा। इस आधुनिक एयरपोर्ट को यात्रियों की सुविधा और समय की बचत को ध्यान में रखते हुए अत्याधुनिक तकनीकों से सुसज्जित किया गया है।

ग्रेटर नोएडा, 23 मार्च (आईएएनएस)। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 28 मार्च को नए नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का भव्य उद्घाटन किया जाएगा। इस आधुनिक एयरपोर्ट को यात्रियों की सुविधा और समय की बचत को ध्यान में रखते हुए अत्याधुनिक तकनीकों से सुसज्जित किया गया है।

उद्घाटन के साथ ही यह एयरपोर्ट देश के सबसे हाईटेक और यात्री-अनुकूल एयरपोर्ट्स में शामिल हो जाएगा। एयरपोर्ट पर पहुंचने वाले यात्रियों को डिपार्चर गेट से ही आधुनिक सुविधाओं का अनुभव होगा। चेक-इन प्रक्रिया को आसान और तेज बनाने के लिए यहां चार हाईटेक मशीनें लगाई गई हैं, जिनकी मदद से यात्री स्वयं चेक-इन कर सकेंगे।

इसके अलावा, डिजी यात्रा ऐप के जरिए यात्री बिना लंबी कतार में लगे सीधे अपना बोर्डिंग पास प्राप्त कर सकेंगे। यह सुविधा पूरी प्रक्रिया को डिजिटल और पेपरलेस बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। बोर्डिंग पास मिलने के बाद यात्री सेल्फ-बैगेज ड्रॉप सिस्टम का उपयोग कर आसानी से अपना सामान जमा कर सकेंगे।

इस व्यवस्था से न केवल समय की बचत होगी, बल्कि यात्रियों को किसी अतिरिक्त सहायता की भी आवश्यकता नहीं पड़ेगी। बैगेज ड्रॉप के बाद यात्री सिक्योरिटी चेक-इन प्रक्रिया पूरी कर सीधे एयरपोर्ट के भीतर प्रवेश कर सकेंगे। एयरपोर्ट का डिजाइन भी खास आकर्षण का केंद्र है। इसका ऊपरी हिस्सा डोम के आकार में तैयार किया गया है, जिससे प्राकृतिक रोशनी यानी सूर्य की किरणें अंदर तक पहुंचेंगी।

यह डिजाइन ऐसा प्रतीत होता है मानो पानी की लहरें ऊपर की ओर बन रही हों, जो यात्रियों को एक अलग ही अनुभव प्रदान करेगा। सिक्योरिटी जांच के बाद यात्री सीधे एयरोब्रिज तक पहुंचेंगे। एयरोब्रिज के माध्यम से यात्री बिना किसी असुविधा के सीधे विमान में सवार हो सकेंगे और अपने गंतव्य की ओर रवाना होंगे।

डोमेस्टिक टर्मिनल में एंट्री के बाद यात्रियों को एस्केलेटर की सुविधा भी दी गई है, जिससे वे आसानी से एयरोब्रिज तक पहुंच सकते हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए पूरे एयरपोर्ट परिसर में स्पष्ट साइनेज बोर्ड लगाए गए हैं, जैसे गेट नंबर (14ए), डिपार्चर, लिफ्ट आदि। इससे यात्रियों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। यह एयरपोर्ट आधुनिक तकनीक, आकर्षक डिजाइन और सुगम सेवाओं का बेहतरीन उदाहरण है, जो यात्रियों के सफर को पहले से कहीं अधिक आसान, तेज और आरामदायक बनाएगा।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   23 March 2026 6:54 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story