आईपीएल 2026 ड्रेसिंग रूम में रियान परान ने किया वेप का इस्तेमाल, बर्ताव पर उठे सवाल

आईपीएल 2026 ड्रेसिंग रूम में रियान परान ने किया वेप का इस्तेमाल, बर्ताव पर उठे सवाल
पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के खिलाफ बुधवार को न्यू चंडीगढ़ में मुकाबले के दौरान राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के कप्तान रियान पराग ड्रेसिंग रूम में वेप का इस्तेमाल करते हुए कैमरे पर कैद हुए।

नई दिल्ली, 29 अप्रैल (आईएएनएस)। पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के खिलाफ बुधवार को न्यू चंडीगढ़ में मुकाबले के दौरान राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के कप्तान रियान पराग ड्रेसिंग रूम में वेप का इस्तेमाल करते हुए कैमरे पर कैद हुए।

वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने पर इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के आचरण को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा हो गईं।

भारतीय कानून के अनुसार, 'इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट निषेध अधिनियम' (पीईसीए) 2019 के तहत वेप या ई-सिगरेट का उपयोग करना गैर-कानूनी है। यह अधिनियम भारत में ई-सिगरेट और वेप के उत्पाद, बिक्री, खरीद, आयात और विज्ञापन पर रोक लगाता है।

आईपीएल के एक सूत्र ने बुधवार को 'आईएएनएस' से कहा, "रियान पराग पर इसके लिए प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए। अगर उन्हें स्मोकिंग या वेपिंग करनी थी, तो वह बाथरूम या लोगों की नजरों से दूर किसी जगह पर ऐसा कर सकते थे। उन्होंने जो किया, उससे बहुत गलत संदेश जाता है। साथ ही, यह दूसरी बार है जब राजस्थान रॉयल्स को मैदान के बाहर की वजह से जवाब देना पड़ रहा है। इससे पहले रोमी भिंडर के डिवाइस इस्तेमाल मामले पर भी टीम घिरी थी।"

पराग से जुड़ा यह विवाद कुछ हफ्तों बाद सामने आया है, जब भिंडर पर आईपीएल मैच के दौरान डगआउट में मोबाइल फोन इस्तेमाल करने पर 1 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया था और कड़ी चेतावनी दी गई थी। यह घटना रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ गुवाहाटी में खेले गए मुकाबले में हुई थी।

आईपीएल के एक अन्य अधिकारी ने आईएएनएस से कहा कि खिलाड़ियों के लिए अपने व्यवहार और हरकतों के प्रति सजग रहना बेहद जरूरी है, खासकर ऐसे माहौल में जहां कई ब्रॉडकास्ट कैमरे मौजूद होते हैं और छोटी से छोटी चीज भी रिकॉर्ड हो जाती है।

अधिकारी ने कहा, "जब इतने सारे कैमरे आसपास हों, तो खिलाड़ियों को समझना चाहिए कि कुछ भी कैद हो सकता है। इसलिए मैच के दौरान अच्छा व्यवहार करना खिलाड़ियों की जिम्मेदारी है। रियान पराग थोड़ा और सावधान रह सकते थे, खासकर इसलिए क्योंकि वह टीम के कप्तान हैं और कम उम्र में एक सफल एलीट खिलाड़ी के रूप में पहचान बना चुके हैं। वह भारत के लिए भी खेल चुके हैं। किसी शीर्ष खिलाड़ी का इस तरह की हरकत करते हुए पकड़ा जाना बहुत बड़ी बात है।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   29 April 2026 4:39 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story