आईपीएल 2026 फिन एलन का तूफानी शतक, केकेआर ने डीसी को हराकर लगाया जीत का 'चौका'

नई दिल्ली, 8 मई (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 के 51वें मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए शुक्रवार को दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) को 8 विकेट से हराया। अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में डीसी से मिले 143 रनों के लक्ष्य को केकेआर ने आसानी से 2 विकेट खोकर 14.2 ओवर में हासिल कर लिया। यह केकेआर की लगातार चौथी जीत है।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी केकेआर की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। कप्तान अजिंक्य रहाणे 9 गेंदों में 13 रन बनाने के बाद रन आउट होकर पवेलियन लौटे। वहीं, अंगकृष रघुवंशी को अक्षर पटेल ने सिर्फ एक रन के स्कोर पर क्लीन बोल्ड किया। हालांकि, इसके बाद फिन एलन और कैमरून ग्रीन ने मोर्चा संभाला।
दोनों ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतकीय साझेदारी निभाई। दोनों ने मिलकर तीसरे विकेट के लिए 64 गेंदों में 116 रनों की अटूट साझेदारी की। एलन ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 47 गेंदों में नाबाद 100 रन बनाए। अपनी इस पारी में एलन ने 5 चौके और 10 छक्के लगाए। वहीं, ग्रीन 27 गेंदों में 2 छक्कों की मदद से 33 रन बनाकर नाबाद रहे। गेंदबाजी में डीसी की तरफ से एकमात्र विकेट कप्तान अक्षर पटेल की झोली में आया।
इससे पहले, दिल्ली कैपिटल्स ने 20 ओवर में 8 विकेट गंवाकर स्कोरबोर्ड पर 142 रन लगाए। पाथुम निसांका और केएल राहुल ने मिलकर टीम को सधी हुई शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए 49 रन जोड़े। राहुल 14 गेंदों में 23 रन बनाकर आउट हुए। नीतीश राणा बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और 8 रन बनाकर आउट हुए।
समीर रिजवी को सुनील नरेन ने 3 रनों के स्कोर पर पवेलियन भेजा। वहीं, ट्रिस्टन स्टब्स (2 रन) और कप्तान अक्षर पटेल (11 रन) का प्रदर्शन भी निराशाजनक रहा। पाथुम निसांका ने 29 गेंदों का सामना करते हुए 5 चौके और 3 छक्कों की मदद से 50 रन बनाए। वहीं, अंत के ओवरों में आशुतोष शर्मा ने 28 गेंदों में 39 रनों का योगदान दिया।
गेंदबाजी में केकेआर की ओर से कार्तिक त्यागी ने 4 ओवर में सिर्फ 25 रन देकर 2 विकेट चटकाए, जबकि अनुकूल रॉय ने 31 रन देकर 2 विकेट निकाले। दिल्ली कैपिटल्स की यह इस सीजन की सातवीं हार है, जिसके चलते टीम का प्लेऑफ में पहुंच पाने का रास्ता बेहद मुश्किल हो गया है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   8 May 2026 10:46 PM IST












