आईपीएल 2026 दिल्ली में गिल-सुंदर की जोड़ी का कारनामा, इस मामले में बने 'नंबर-3'

आईपीएल 2026 दिल्ली में गिल-सुंदर की जोड़ी का कारनामा, इस मामले में बने नंबर-3
गुजरात टाइटंस (जीटी) के कप्तान शुभमन गिल ने बुधवार को दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के विरुद्ध इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 14वें मैच में वाशिंगटन सुंदर के साथ तीसरे विकेट के लिए 60 गेंदों में 104 रन की साझेदारी की।

नई दिल्ली, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। गुजरात टाइटंस (जीटी) के कप्तान शुभमन गिल ने बुधवार को दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के विरुद्ध इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 14वें मैच में वाशिंगटन सुंदर के साथ तीसरे विकेट के लिए 60 गेंदों में 104 रन की साझेदारी की।

यह गुजरात टाइटंस के लिए तीसरे विकेट या उससे निचले क्रम पर तीसरी सबसे बड़ी साझेदारी रही। इस लिस्ट में शीर्ष पर जोस बटलर और शेरफेन रदरफोर्ड की जोड़ी है, जिसने साल 2025 में अहमदाबाद के मैदान पर दिल्ली कैपिटल्स के विरुद्ध 119 रन जोड़े थे। वहीं, डेविड मिलर और हार्दिक पंड्या की जोड़ी ने साल 2022 के क्वालीफायर मैच में राजस्थानर रॉयल्स (आरआर) के खिलाफ 106 रन की अटूट साझेदारी की थी।

बुधवार को खेले जा रहे मैच में इस साझेदारी के दम पर गुजरात टाइटंस ने निर्धारित ओवरों में 4 विकेट खोकर 210 रन बनाए। यह घर से बाहर पहले बल्लेबाजी करते हुए जीटी का दूसरा 200+ का स्कोर है। पिछले साल जयपुर में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ इस टीम ने 209/4 का स्कोर खड़ा किया था। अहमदाबाद में गुजरात टाइटंस ने 9 बार ऐसा किया है।

गुजरात टाइंटस ने आईपीएल इतिहास में कुल 18 बार (किसी भी पारी में) 200 का आंकड़ा पार किया है। इस दौरान 13 बार अहमदाबाद में, तीन बार दिल्ली में, और एक-एक बार जयपुर और मुल्लनपुर में यह कारनामा किया।

बुधवार को अरुण जेटली स्टेडियम में जारी इस मैच में गुजरात टाइटंस ने महज 2.1 ओवर में साई सुदर्शन के रूप में अपना पहला विकेट गंवा दिया। सुदर्शन टीम के खाते में 12 रन का ही योगदान दे सके।

यहां से कप्तान गिल ने जोस बटलर के साथ दूसरे विकेट के लिए 60 रन जोड़े। बटलर 27 गेंदों में 5 छक्कों और 2 चौकों के साथ 52 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद गिल ने वाशिंगटन सुंदर के साथ तीसरे विकेट के लिए 104 रन जोड़कर टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया।

गिल 45 गेंदों में 5 छक्कों और 4 चौकों के साथ 70 रन बनाकर आउट हुए, जबकि वाशिंगटन सुंदर ने 32 गेंदों में 2 छक्कों और 6 चौकों के साथ 55 रन जुटाए। विपक्षी खेमे से मुकेश कुमार ने सर्वाधिक 2 विकेट निकाले, जबकि लुंगी एनगिडी और कुलदीप यादव ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   8 April 2026 10:04 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story