आईपीएल 2026 जैकब बेथेल लगातार 7वीं पारी में हुए फ्लॉप, बतौर ओपनर आरसीबी के लिए यह खिलाड़ी हो सकता है श्रेष्ठ विकल्प
नई दिल्ली, 17 मई (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 में आरसीबी ने बतौर ओपनर विराट कोहली और फिल सॉल्ट के साथ शुरुआत की थी। 6 मैच के बाद साल्ट इंजरी की वजह से प्लेइंग इलेवन से बाहर हो गए। साल्ट की जगह ओपनर के रूप में आरसीबी ने इंग्लैंड के ही बाएं हाथ के युवा बल्लेबाज जैकब बेथेल को कोहली के साथ पारी की शुरुआत करने की जिम्मेदारी दी, लेकिन बेथेल अपनी भूमिका में अब तक असफल रहे हैं।
जैकब बेथेल बेहद प्रतिभाशाली बल्लेबाज हैं। टी20 विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल में इंग्लैंड की तरफ से खेलते हुए भारत के खिलाफ उन्होंने यादगार शतक लगाया था। आरसीबी चाहती थी कि बेथेल उसी प्रदर्शन को आईपीएल में भी दोहराएं। बेथेल ने अपने प्रदर्शन से आरसीबी को अब तक पूरी तरह निराश किया है। साल्ट के जाने के बाद 7 पारियों में बेथेल ने कोहली के साथ आरसीबी के लिए पारी की शुरुआत की है और सभी 7 मैचों में फ्लॉप रहे हैं। बेथेल 7 पारियों में एक भी अर्धशतक नहीं लगा सके हैं। उनका सर्वाधिक स्कोर 27 रन रहा है। 7 पारियों में बाएं हाथ का यह बल्लेबाज महज 97 रन बना सका है। बेथेल का यह प्रदर्शन आरसीबी की उम्मीदों के विपरीत है।
साल्ट जब तक आरसीबी को ज्वाइन नहीं करते हैं, तब तक बतौर ओपनर टीम कोहली के साथ वेंकटेश अय्यर को आजमा सकती है। अय्यर बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं। उनके पास आईपीएल का लंबा अनुभव है, वह आक्रामक बल्लेबाजी के साथ ही पारी को संभाल भी सकते हैं। उन्हें सीजन में बेहद कम मौके मिले हैं। अगर आरसीबी अय्यर को बतौर ओपनर मौका देती है, तो ओपनिंग की समस्या हल हो सकती है। साथ ही, अय्यर गेंदबाजी में भी मददगार हो सकते हैं।
केकेआर के लिए खेलते हुए अपनी प्रतिभा साबित कर चुके अय्यर ने इस टीम के लिए बतौर ओपनर 22 मैचों में 740 रन बनाए हैं। रविवार को पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच से पहले अय्यर ने 65 आईपीएल मैचों में अलग-अलग जगहों पर बल्लेबाजी करते हुए 1,509 रन बनाए हैं, जिसमें 1 शतक और 12 अर्धशतक शामिल हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   17 May 2026 4:45 PM IST












