आईपीएल 2026 के बीच स्कैन के लिए ऑस्ट्रेलिया वापस लौटे कमिंस रिपोर्ट

नई दिल्ली, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के कप्तान पैट कमिंस इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के बीच में ही अपनी टीम को छोड़कर, पीठ की पुरानी चोट के आखिरी मेडिकल स्कैन के लिए ऑस्ट्रेलिया लौट गए हैं।
पैट कमिंस सनराइजर्स हैदराबाद के शुरुआती 2 मुकाबले नहीं खेल सके हैं। आगामी दो मुकाबलों में भी उनका खेल पाना मुमकिन नहीं है। उम्मीद है कि टेस्ट पास करने के बाद वह 17 अप्रैल को टीम से जुड़ेंगे।
ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज ने इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू एशेज सीरीज के बाद से एक भी मुकाबला नहीं खेला है। कमिंस हाल ही में खत्म हुए आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भी नहीं खेल सके थे।
'ईएसपीएनक्रिकइन्फो' की एक रिपोर्ट के अनुसार, पैट कमिंस 2 अप्रैल को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ एसआरएच की रोमांचक जीत के ठीक बाद ऑस्ट्रेलिया लौट गए। हालांकि, यह स्कैन पहले से ही तय था और क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) की देखरेख में किया जाएगा।
जब यह स्पष्ट हो गया कि कमिंस आईपीएल 2026 के शुरुआती दौर में नहीं उतर पाएंगे, तो ईशान किशन को उनकी गैरमौजूदगी में टीम की कमान सौंपी गई।
ईशान किशन की कप्तानी में 2016 की चैंपियन टीम सनराइजर्स हैदराबाद ने 28 मार्च को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ 6 विकेट से हार का सामना किया। हालांकि, अगले मैच में टीम ने शानदार वापसी करते हुए तीन बार की चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को 65 रनों से हराया। इस जीत के साथ, सनराइजर्स हैदराबाद फिलहाल प्वाइंट्स टेबल में छठे स्थान पर है।
इस टीम का अगला मुकाबला रविवार को हैदराबाद के राजीव गांधी स्टेडियम में खेले जाने वाले आईपीएल 2026 के पहले घरेलू मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) से होगा। इसके बाद 11 अप्रैल को उसके सामने पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) होगी। 13 अप्रैल को राजस्थान रॉयल्स (आरआर) से भिड़ने के बाद यह टीम 18 अप्रैल को चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) को चुनौती देगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   4 April 2026 5:08 PM IST










