आईपीएल 2026 एलएसजी के सामने होगी डीसी की चुनौती, जानें कैसा रहेगा पिच और मौसम का हाल?

आईपीएल 2026 एलएसजी के सामने होगी डीसी की चुनौती, जानें कैसा रहेगा पिच और मौसम का हाल?
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 19वें सीजन में बुधवार को दिल्ली कैपिटल्स अपने अभियान का आगाज लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ करेगी। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला लखनऊ के भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में खेला जाना है। अक्षर पटेल की कप्तानी में दिल्ली सीजन का आगाज जीत के साथ करना चाहेगी। वहीं, एलएसजी भी अपने घरेलू मैदान पर दमदार प्रदर्शन करने के इरादे से उतरेगी।

नई दिल्ली, 31 मार्च (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 19वें सीजन में बुधवार को दिल्ली कैपिटल्स अपने अभियान का आगाज लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ करेगी। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला लखनऊ के भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में खेला जाना है। अक्षर पटेल की कप्तानी में दिल्ली सीजन का आगाज जीत के साथ करना चाहेगी। वहीं, एलएसजी भी अपने घरेलू मैदान पर दमदार प्रदर्शन करने के इरादे से उतरेगी।

दिल्ली कैपिटल्स के लिए पिछला सीजन मिलाजुला रहा था। शुरुआत में टीम ने दमदार प्रदर्शन किया था, लेकिन दूसरे हाफ में टीम की गाड़ी जीत की पटरी से उतर गई थी। कागज पर दिल्ली आईपीएल 2026 में भी काफी दमदार दिख रही है। सलामी बल्लेबाज के तौर पर टीम के पास केएल राहुल जैसा अनुभवी बल्लेबाज मौजूद है, जिनका साथ पृथ्वी शॉ देते हुए नजर आ सकते हैं। अभिषेक पोरेल ने पिछले सीजन अपनी बल्लेबाजी से प्रभावित किया था और 146 के स्ट्राइक रेट से 301 रन बनाए थे। करुण नायर, ट्रिस्टन स्टब्स, अक्षर पटेल और नीतीश राणा की मौजूदगी में टीम का मध्यक्रम भी संतुलित नजर आ रहा है। डेविड मिलर के आने से टीम के बल्लेबाजी क्रम को और मजबूती मिली है।

समीर रिजवी और आशुतोष शर्मा और विपराज निगम दिल्ली की ओर से फिनिशर की भूमिका निभाते हुए दिखाई दे सकते हैं। हालांकि, शुरुआती मुकाबलों में मिचेल स्टार्क की गैरमौजूदगी जरूर टीम को खल सकती है। स्टार्क के ना होने पर तेज गेंदबाजी की कमान लुंगी एनगिडी या दुष्मंत चमीरा के हाथों में सौंपी जा सकती है, जिनका साथ मुकेश कुमार और टी नटराजन देते हुए नजर आएंगे। स्पिन विभाग की कमान कुलदीप यादव और अक्षर पटेल संभालेंगे।

दूसरी ओर, मिचेल मार्श, निकोलस पूरन और एडेन मार्करम की मौजूदगी में लखनऊ सुपर जायंट्स का टॉप ऑर्डर दमदार दिख रहा है। मिडिल ऑर्डर की जिम्मेदारी कप्तान ऋषभ पंत, आयुष बदोनी, शाहबाज अहमद, और अब्दुल समद के ऊपर होगी। वानिंदु हसरंगा की फिटनेस पर अभी सवाल है और उन्हें श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड से अनापत्ति प्रमाण पत्र नहीं मिल सका है। हालांकि, लखनऊ के गेंदबाजी अटैक में इस सीजन दम दिख रहा है। मोहम्मद शमी के साथ नई गेंद का आगाज मयंक यादव या फिर एनरिक नॉर्टजे करते हुए दिख सकते हैं। वहीं, आवेश खान, प्रिंस यादव, और अर्जुन तेंदुलकर के रूप में टीम के पास कई अच्छे विकल्प भी मौजूद हैं।

लखनऊ के इकाना स्टेडियम की पिच आमतौर पर थोड़ी धीमी रहती है। स्पिन गेंदबाजों को पिच से अच्छा टर्न मिलता है, और इस ग्राउंड पर ज्यादा बड़े टोटल देखने को नहीं मिलते हैं। इकाना स्टेडियम में पहली पारी का औसतन स्कोर 151 रन रहा है, जबकि दूसरी इनिंग में औसत स्कोर 126 रन है। एक्यूवेदर की रिपोर्ट के अनुसार, बुधवार को लखनऊ में बादल छाए रहेंगे, लेकिन बारिश होने की आशंका बेहद कम है। अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   31 March 2026 2:06 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story