आईपीएल 2026 आरसीबी से हार का हिसाब चुकता करना चाहेगी एमआई, जानें हेड टू हेड रिकॉर्ड?
रायपुर, 9 मई (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 के 54वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की भिड़ंत रविवार को मुंबई इंडियंस (एमआई) से होगी। शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में एमआई इस सीजन में मिली आरसीबी के खिलाफ हार का हिसाब चुकता करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।
रजत पाटीदार की कप्तानी में आरसीबी ने आईपीएल 2026 में अब तक 10 मुकाबले खेले हैं। इसमें से टीम को 6 में जीत मिली है, तो 4 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है। बल्लेबाजी में विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल ने टॉप ऑर्डर में अच्छा प्रदर्शन किया है। हालांकि, आरसीबी को चोटिल फिल साल्ट की कमी जरूर खली है।
रजत ने भी लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 31 गेंदों में 61 रनों की दमदार पारी खेली थी। टिम डेविड ने बतौर फिनिशर अपने काम को बखूबी अंजाम दिया है। वहीं, गेंदबाजी में भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड की जोड़ी ने बल्लेबाजों को खासा परेशान किया है। हालांकि, सुयश शर्मा की हालिया फॉर्म टीम के लिए चिंता का विषय जरूर बनी हुई है।
दूसरी तरफ, मुंबई इंडियंस इस सीजन संघर्ष करती हुई नजर आई है। 10 मुकाबलों में से टीम को सिर्फ 3 में ही जीत नसीब हुई है, जबकि 7 मुकाबलों में एमआई को हार का सामना करना पड़ा है। प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखने के लिए मुंबई इंडियंस को आरसीबी के खिलाफ हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी।
लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ खेले गए आखिरी मुकाबले में रयान रिकेल्टन और रोहित शर्मा ने बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया था। हालांकि, सूर्यकुमार यादव इस पूरे सीजन रनों के लिए संघर्ष करते दिखाई दिए हैं। विल जैक्स और नमन धीर भी कुछ खास प्रभाव नहीं छोड़ सके हैं। गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह की खराब फॉर्म एमआई के लिए सिरदर्द बनी हुई है। वहीं, दीपक चाहर और अल्लाह गजनफर भी निरंतरता के साथ अच्छी गेंदबाजी नहीं कर सके हैं।
आरसीबी और एमआई के बीच अब तक कुल 35 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें से 19 मुकाबले एमआई ने जीते हैं। वहीं, 16 मुकाबलों में आरसीबी को जीत मिली है। आईपीएल 2026 में हुई पहली भिड़ंत में आरसीबी एमआई पर भारी पड़ी थी और टीम ने 18 रनों से जीत दर्ज की थी। शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में बल्ले और गेंद के बीच शानदार जंग देखने को मिलती है।
इस मैदान पर पहली पारी का औसतन स्कोर 191 रहा है, जबकि दूसरी इनिंग का औसत स्कोर 181 रन है। एक्यूवेदर की रिपोर्ट के अनुसार, रविवार को रायपुर में मौसम पूरी तरह से साफ रहेगा और दिन के समय में तेज धूप खिलेगी। बारिश होने की आशंका न के बराबर है। अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु स्क्वॉड: रजत पाटीदार (कप्तान), विराट कोहली, टिम डेविड, जैकब बेथेल, रोमारियो शेफर्ड, जोश हेजलवुड, नुवान तुषारा, देवदत्त पडिक्कल, जितेश शर्मा, क्रुणाल पांड्या, रसिख डार, भुवनेश्वर कुमार, जॉर्डन कॉक्स, सुयश शर्मा, वेंकटेश अय्यर, स्वप्रिल सिंह, जैकब डफी, कनिष्क चौहान, अभिनंदन सिंह, मंगेश यादव, फिल साल्ट, सात्विक देसवाल, विक्की ओस्तवाल और विहान मल्होत्रा।
मुंबई इंडियंस स्क्वॉड: हार्दिक पांड्या (कप्तान), रोहित शर्मा, रयान रिकेल्टन, सूर्यकुमार यादव, शेरफेन रदरफोर्ड, क्विंटन डी कॉक, दानिश मालेवार, तिलक वर्मा, नमन धीर, मिचेल सैंटनर, राज अंगद बावा, रॉबिन मिंज, अथर्व अंकोलेकर, मयंक रावत, कॉर्बिन बॉश, विल जैक्स, शार्दुल ठाकुर, ट्रेंट बोल्ट, मयंक मारकंडे, दीपक चाहर, अश्विनी कुमार, रघु शर्मा, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद इजहार, और अल्लाह गजनफर।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   9 May 2026 5:58 PM IST












