आईपीएल 2026 सूर्यकुमार यादव का अर्धशतक, डीसी के सामने एमआई ने रखा 163 रन का टारगेट

नई दिल्ली, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। मुंबई इंडियंस (एमआई) ने शनिवार को अरुण जेटली स्टेडियम में जारी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 8वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के सामने जीत के लिए 163 रन का टारगेट रखा है। इस पारी में सूर्यकुमार यादव का अर्धशतक शामिल रहा।
इस मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीतकर एमआई को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। इसके जवाब में एमआई ने संभली हुई शुरुआत की, लेकिन तीसरे ओवर में मुकेश कुमार ने इस टीम को बैकफुट पर ला दिया।
ओवर की तीसरी गेंद पर रयान रिकलटन अपना कैच अक्षर पटेल (9) को थमा बैठे। पांचवीं गेंद पर तिलक वर्मा (0) का कैच मुकेश कुमार ने अपनी ही गेंद पर लपक लिया।
मुंबई इंडियंस 18 के स्कोर तक अपने 2 विकेट खो चुकी थी। यहां से हार्दिक पंड्या की गैरमौजूदगी में कप्तानी का भार संभाल रहे सूर्यकुमार यादव ने रोहित शर्मा के साथ तीसरे विकेट के लिए 40 गेंदों में 53 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभाल लिया।
रोहित 26 गेंदों में 1 छक्के और 5 चौकों के साथ 35 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद सूर्या ने नमन धीर के साथ पांचवें विकेट के लिए 37 रन जोड़कर टीम को शतक के पार पहुंचा दिया।
सूर्या 36 गेंदों में 2 छक्कों और 3 चौकों के साथ 51 रन बनाकर आउट हुए, जबकि नमन धीर ने 28 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। इनके अलावा, मिचेल सेंटनर ने नाबाद 18 और कॉर्बिन बॉश ने 11 रन बनाए। एमआई ने निर्धारित 20 ओवरों की समाप्ति तक 6 विकेट खोकर 162 रन जुटाए।
दिल्ली कैपिटल्स की तरफ से मुकेश कुमार ने 26 रन देकर 2 विकेट हासिल किए, जबकि लुंगी नगिडी, अक्षर पटेल, विपराज निगम और टी नटराजन ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।
दिल्ली कैपिटल्स की प्लेइंग इलेवन: केएल राहुल (विकेटकीपर), पथुम निसांका, नीतीश राणा, अक्षर पटेल (कप्तान), ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड मिलर, विपराज निगम, लुंगी एंगिडी, कुलदीप यादव, टी. नटराजन, मुकेश कुमार।
मुंबई इंडियंस की प्लेइंग इलेवन: रोहित शर्मा, रयान रिकेल्टन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), नमन धीर, शेरफेन रदरफोर्ड, मिशेल सेंटनर, कॉर्बिन बॉश, शार्दुल ठाकुर, दीपक चाहर, जसप्रीत बुमराह।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   4 April 2026 5:26 PM IST










