आईपीएल 2026 वैभव सूर्यवंशी ने 15 गेंदों पर ठोका अर्धशतक, आरआर ने सीएसके को 8 विकेट से हराया
गुवाहाटी, 30 मार्च (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का तीसरे मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी की विस्फोटक शतकीय पारी की बदौलत राजस्थान रॉयल्स (आरआर) ने चेन्नई सुपरकिंग्स (सीएसके) को 8 विकेट से हरा दिया। वैभव ने महज 15 गेंदों पर अर्धशतक लगाया।
बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) 128 रन का लक्ष्य हासिल करने उतरी थी। यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी ने पहले विकेट के लिए 6.2 ओवर में 75 रन जोड़कर जीत की मजबूत नींव रखी। इस साझेदारी में वैभव ज्यादा मुखर रहे। वैभव ने 17 गेंदों पर 4 चौकों और 5 छक्कों की मदद से 52 रन की पारी खेली। अंशुल कंबोज की गेंद पर सरफराज खान ने एक बेहतरीन कैच लेकर वैभव की पारी का अंत किया।
यशस्वी जायसवाल ने दूसरे विकेट के लिए ध्रुव जुरेल के साथ 24 रन की साझेदारी की। जुरेल 9 गेंदों पर 18 रन बनाकर आउट हुए। जायसवाल और कप्तान रियान पराग ने नाबाद 29 रन की साझेदारी कर टीम को जीत दिला दी। आरआर ने 12.1 ओवर में 2 विकेट पर 128 रन बनाकर मैच 8 विकेट से जीता।
जायसवाल ने पारी में एंकर की भूमिका निभाई। वह 36 गेंदों पर 1 छक्का और 3 चौकों की मदद से 38 रन बनाकर नाबाद रहे। पराग 11 गेंदों पर 1 छक्का और 1 चौके की मदद से 14 रन बनाकर नाबाद रहे।
सीएसके की तरफ से दोनों विकेट अंशुल कंबोज ने लिए।
टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सीएसके ने साधारण प्रदर्शन किया था। पूरी टीम 19.4 ओवर में 127 रन पर सिमट गई थी। सीएसके के लिए 100 पार करना भी मुश्किल हो जाता अगर आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए जेमी ओवरटन ने 36 गेंदों पर 2 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 43 रन की पारी नहीं खेली होती। ओवरटन ने आखिरी विकेट के लिए कंबोज के साथ 33 रन की साझेदारी की। इसके अलावा, सरफराज खान ने 17 और कार्तिक शर्मा ने 18 रन बनाए।
राजस्थान रॉयल्स के लिए जोफ्रा आर्चर ने 4 ओवर में 19 रन देकर 2, नांद्रे बर्गर ने 4 ओवर में 26 रन देकर 2, और रवींद्र जडेजा ने 3 ओवर में 18 रन देकर 2 विकेट लिए। ब्रिजेश शर्मा, संदीप शर्मा और रवि बिश्नोई को 1-1 विकेट मिला।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   30 March 2026 10:44 PM IST












