आईपीएल 2026 वसीम जाफर ने चुनी आरसीबी की प्लेइंग इलेवन, विस्फोटक सलामी बल्लेबाज को किया बाहर

आईपीएल 2026 वसीम जाफर ने चुनी आरसीबी की प्लेइंग इलेवन, विस्फोटक सलामी बल्लेबाज को किया बाहर
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज वसीम जाफर ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की आईपीएल 2026 के लिए मजबूत प्लेइंग इलेवन घोषित की है। जाफर ने इस प्लेइंग इलेवन से उस खिलाड़ी को बाहर रखा है जिसने टीम को पहली बार चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी।

नई दिल्ली, 21 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज वसीम जाफर ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की आईपीएल 2026 के लिए मजबूत प्लेइंग इलेवन घोषित की है। जाफर ने इस प्लेइंग इलेवन से उस खिलाड़ी को बाहर रखा है जिसने टीम को पहली बार चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी।

जाफर ने आईपीएल 2026 के लिए घोषित आरसीबी की अपनी प्लेइंग इलेवन में सलामी बल्लेबाज फिल साल्ट को जगह नहीं दी है। उनकी जगह इंग्लैंड के ही उनके साथी खिलाड़ी जैकब बेथेल को जाफर ने विराट कोहली के साथ पारी की शुरुआत करने की जिम्मेदारी दी है।

फिल साल्ट का टी20 विश्व कप 2026 में प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा था। वह 8 पारियों में 1 अर्धशतक की बदौलत महज 130 रन बना सके थे। इसके उलट जैकब बेथेल ने दमदार प्रदर्शन किया था और सेमीफाइनल में भारत के खिलाफ शानदार शतक लगाया था। जाफर का बेथेल को टीम में रखने और साल्ट को बाहर रखने का यह भी एक कारण हो सकता है।

बता दें कि साल्ट ने आईपीएल 2025 में 13 पारियों में 33.58 की औसत और 175.98 की स्ट्राइक रेट से 4 अर्धशतक लगाते हुए 403 रन बनाए थे।

एक्स पर साझा किए गए एक वीडियो में जाफर ने पारी की शुरुआत करने के लिए पूर्व कप्तान विराट कोहली और युवा बल्लेबाज बेथेल को चुना है। कप्तान रजत पाटीदार को तीसरे और ऑल-राउंडर वेंकटेश को चौथे नंबर पर रखा है।

पांचवें नंबर पर टिम डेविड को रखा और छठे नंबर पर फिनिशर के रूप में जितेश शर्मा को चुना है, जो विकेटकीपर भी होंगे। टीम बतौर ऑलराउंडर रोमारियो शेफर्ड और क्रुणाल पांड्या को उन्होंने जगह दी है। तेज गेंदबाजी में उन्होंने नुवान तुषारा, भुवनेश्वर कुमार और यश दयाल को चुना है, जबकि इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में उन्होंने सुयश शर्मा को रखा है।

आईपीएल 2026 के लिए वसीम जाफर ने चुनी आरसीबी की प्लेइंग इलेवन: विराट कोहली, जैकब बेथेल, रजत पाटीदार (कप्तान), वेंकटेश अय्यर, टिम डेविड, जितेश शर्मा (विकेट कीपर), रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, नुवान तुषारा, यश दयाल।

इम्पैक्ट प्लेयर: सुयश शर्मा।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   21 March 2026 1:25 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story