ईरान के विदेश मंत्री अराघची ने एस जयशंकर से की बात, हालात पर हुई चर्चा
नई दिल्ली, 29 अप्रैल (आईएएनएस)। ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने बुधवार की शाम को विदेश मंत्री एस जयशंकर से फोन पर बात की। दोनों नेताओं के बीच मौजूदा हालात के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से बातचीत हुई और आगे भी लगातार संपर्क में रहने पर सहमति बनी।
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी साझा करते हुए लिखा, ''ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची का फोन आया। मौजूदा हालात के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से बातचीत हुई। हम एक-दूसरे के लगातार संपर्क में रहने पर सहमत हुए।''
अराघची ने हाल ही में पाकिस्तान, ओमान और रूस का भी दौरा किया। यहां उन्होंने मिडिल ईस्ट के हालातों और होर्मुज संकट को लेकर चर्चा की।
अराघची ने ओमान में सुल्तान हैथम बिन तारिक अल और विदेश मंत्री सैय्यद बदर बिन हमद अल बुसैदी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने होर्मुज संकट को लेकर भी बातचीत की।
अराघची ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ओमान के सुल्तान से मुलाकात की तस्वीर शेयर कर लिखा, "ओमान में हमारे मेजबान का शुक्रिया। दोनों देशों के मामलों और इलाके के डेवलपमेंट पर जरूरी बातचीत हुई। होर्मुज स्ट्रेट के तटीय देश होने के नाते हमारा ध्यान सुरक्षित ट्रांजिट सुनिश्चित करने के तरीकों पर था, जिससे सभी प्यारे पड़ोसियों और दुनिया को फायदा हो। हमारे पड़ोसी हमारी प्राथमिकता हैं।"
यात्रा के अंतिम चरण में अराघची रूस पहुंचे, जहां सेंट पीटर्सबर्ग में सोमवार को राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ द्विपक्षीय संबंधों और क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा की। इसके अलावा अमेरिका और इजरायल के साथ मौजूद हालात को लेकर राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से समर्थन भी मांगा।
रूस की टीएएसएस न्यूज एजेंसी के अनुसार, इस दौरान पुतिन ने कहा कि हम अपनी तरफ से वह सब कुछ करेंगे जो आपके और इलाके के सभी लोगों के फायदे के लिए हो, ताकि यह शांति जल्द से जल्द कायम हो सके।
पुतिन ने कहा कि ईरान के लोग अपनी आजादी के लिए 'हिम्मत और बहादुरी से' लड़ रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि ईरान के लोग इस 'मुश्किल दौर' से निकल जाएंगे और शांति आएगी। उन्होंने तेहरान संग अपने रिश्ते मजबूत करने के लिए मास्को की तैयारी पर भी रोशनी डाली।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   29 April 2026 9:41 PM IST











