भारत का युवा राहुल गांधी के साथ, छात्रों का हित सर्वोपरि अजय राय
लखनऊ, 22 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने दावा किया है कि इस देश का युवा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के साथ है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी युवाओं, किसानों, मजदूरों और महिलाओं की समस्याओं को लगातार उठा रहे हैं।
अजय राय ने कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ केंद्र सरकार खिलवाड़ कर रही है। इसके विरोध में मंगलवार को पीएम मोदी के आवास के बाहर राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और कांग्रेस के कई सांसदों ने प्रदर्शन किया। इसके बावजूद सरकार अब तक शिक्षा मंत्री का इस्तीफा नहीं ले रही है।
अजय राय ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ किया गया बर्ताव बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर तीखा हमला करते हुए कहा, “धर्मेंद्र प्रधान ने बच्चों का भविष्य खराब किया है, उनका इस्तीफा कब होगा?”
उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ भी पुलिसकर्मियों ने अभद्रता की। महिला सांसदों के साथ जो बर्ताव हुआ, उसकी जितनी निंदा की जाए कम है। दोषी पुलिसवालों पर कार्रवाई होनी चाहिए।
अजय राय ने राम मंदिर पर कहा, 'राम का मंदिर आस्था का मंदिर है लेकिन वहां आज सीईओ नियुक्त किया जा रहा है। भाजपा ने मंदिर को कमाई का माध्यम बना लिया गया है।'
लखनऊ में भाजपा द्वारा कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने के ऐलान पर अजय राय ने कहा कि अब ये साबित हो गया है कि भाजपा अपनी कमियों और नाकामियों को छिपाने के लिए कांग्रेस कार्यालय का घेराव कर रही है। भाजपा को उन बच्चों को जवाब देना चाहिए, जिनका भविष्य खराब हो रहा है।
कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन को लेकर आप सांसद संजय सिंह के पोस्ट पर अजय राय ने कहा कि आम आदमी पार्टी का असली चेहरा अब सामने आ गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि आप और भाजपा दोनों एक साथ हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   22 July 2026 5:19 PM IST












