इजरायली रक्षा मंत्री का दावा- 'ईरान के सुरक्षा प्रमुख लारीजानी मारे गए', तेहरान ने नहीं की पुष्टि
तेल अवीव, 17 मार्च (आईएएनएस)। इजरायल के रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने दावा किया है कि ईरान के राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव अली लारीजानी मिसाइल हमले में मारे गए हैं। हालांकि उनके इस दावे की ईरान की ओर से पुष्टि नहीं हुई है। सेना ने लारीजानी का लिखा एक नोट जरूर जारी किया है।
इससे पहले इजराइली सेना (आईडीएफ) ने पुष्टि की थी कि उसने लारिजानी को निशाना बनाया था।
प्रमुख इजरायली दैनिक, 'द टाइम्स ऑफ इजरायल' के अनुसार, इजरायल के रक्षा मंत्री काट्ज ने मंगलवार को कहा कि इजरायली सेना ने रात भर चले हवाई हमलों में ईरान के सुरक्षा प्रमुख और उसकी बासिज मिलिशिया के प्रमुख को मार गिराया है।
काट्ज ने एक बयान में कहा कि उन्हें सेना ने सूचित किया कि ईरान के सुरक्षा प्रमुख, अली लारीजानी, मारे गए हैं।
इस बीच, लारीजानी का एक हस्तलिखित नोट उनके एक्स अकाउंट से प्रसारित हुआ है। इसमें अमेरिका के हमले में मारे गए ईरानी नाविकों को श्रद्धांजलि दी गई है। यह नोट ईरानी सरकारी मीडिया से जुड़े विभिन्न प्लेटफॉर्म्स पर भी शेयर किया गया है।
काट्ज की टिप्पणियों पर तेहरान की ओर से तत्काल कोई टिप्पणी नहीं आई है।
अगर पुष्टि होती है, तो लारीजानी 28 फरवरी को इजरायल-अमेरिका एयर स्ट्राइक के पहले दिन सर्वोच्च नेता अयातुल्ला खामेनेई के बाद मारे जाने वाले ईरान के सबसे वरिष्ठ अधिकारी होंगे।
वहीं, रॉयटर्स ने चार इजरायली अधिकारियों से बातचीत के आधार पर कहा कि, अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वह मारे गए हैं या घायल हुए हैं। अधिकारियों ने बताया कि लारीजानी उन लक्ष्यों में से एक थे, जिन्हें इजरायली सेना ने मंगलवार रात पूरे ईरान में किए गए हमलों में निशाने पर लिया था।
परमाणु वार्ताकार रह चुके लारीजानी खामेनेई के करीबी माने जाते हैं, उन्हें शुक्रवार को तेहरान में 'कुद्स दिवस' की रैलियों में हिस्सा लेते हुए देखा गया था।
इस बीच आईडीएफ ने ये भी बताया कि इन हमलों में 'बसीज प्रतिरोध बल' के प्रमुख गुलामरेजा सुलेमानी और बसीज के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मारे गए हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   17 March 2026 4:36 PM IST












