इटली के म्यूजियम से तीन पेंटिग्स चोरी, महज तीन मिनट में शातिर कर गए काम

इटली के म्यूजियम से तीन पेंटिग्स चोरी, महज तीन मिनट में शातिर कर गए काम
महज तीन मिनट में शातिर चोर उड़ा ले गए बेशकीमती पेंटिंग्स! एक-दो नहीं, पूरी तीन। इटली के पर्मा में यह पूरी वारदात हुई। यहां पर मैग्नानी रोक्का फाउंडेशन संग्रहालय में चोरी की इस कहानी को अंजाम दिया गया। इनकी कुल कीमत करीब 10 मिलियन डॉलर यानी लगभग 90–95 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

रोम, 30 मार्च (आईएएनएस)। महज तीन मिनट में शातिर चोर उड़ा ले गए बेशकीमती पेंटिंग्स! एक-दो नहीं, पूरी तीन। इटली के पर्मा में यह पूरी वारदात हुई। यहां पर मैग्नानी रोक्का फाउंडेशन संग्रहालय में चोरी की इस कहानी को अंजाम दिया गया। इनकी कुल कीमत करीब 10 मिलियन डॉलर यानी लगभग 90–95 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

मीडिया हाउस 'द लोकल इटली' के अनुसार, ये तीन पेंटिंग्स रेनुआर की 'फिश', सेजान की 'स्टिल लाइफ विद चेरीज' और मातिस की 'ओडालिस्क ऑन द टेरेस' थीं। स्थानीय मीडिया के अनुसार वारदात 22-23 मार्च को घटी, लेकिन पुलिस ने रविवार तक इसकी रिपोर्ट नहीं की थी।

फाउंडेशन ने कहा कि चोरी बहुत ही ऑर्गनाइज्ड तरीके से की गई और इसे तीन मिनट से भी कम समय में अंजाम दिया गया। दावा किया जा रहा है कि चोर और भी मास्टरपीस ले जाते, लेकिन "प्रोटेक्शन सिस्टम के सक्रिय होने" से अलार्म बज गया और वो फरार हो गए।

1977 में बने इस फाउंडेशन में आर्ट हिस्टोरियन लुइगी मैग्नानी का कलेक्शन है। ड्यूरर, रूबेन्स, वैन डाइक, गोया और मोने जैसे बड़े कलाकारों की भी कृतियां यहां सहेजी गई हैं। पुलिस की शुरुआती जांच में कहा जा रहा है कि चोर म्यूजियम में मौजूद बाग के रास्ते भाग गए थे।

हाल के दिनों में घटी ये दूसरी ऐसी बड़ी वारदात है। 19 अक्टूबर 2025 को पेरिस के लूव्र संग्रहालय में नकाबपोशों ने बड़ी वारदात की थी। चोरों ने केवल 4-7 मिनट में 19वीं सदी के 8-9 अनमोल शाही आभूषण (कीमत 102 मिलियन डॉलर या 800 करोड़ रुपए से अधिक) चुरा लिए। बाद में जांच से साफ हुआ कि चोर सीढ़ी के जरिए खिड़की से घुसे, डिस्प्ले तोड़े और मोटरसाइकिलों पर फरार हो गए थे। बाद में कुछ संदिग्धों को पकड़ा भी गया लेकिन चुराया गया सामान कभी वापस नहीं मिल पाया।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   30 March 2026 8:12 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story