आईटीटीएफ वर्ल्ड टीम टेबल टेनिस चैंपियनशिप साउथ कोरिया को हराकर चीन ने बनाई सेमीफाइनल में जगह

आईटीटीएफ वर्ल्ड टीम टेबल टेनिस चैंपियनशिप  साउथ कोरिया को हराकर चीन ने बनाई सेमीफाइनल में जगह
चीन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आईटीटीएफ वर्ल्ड टीम टेबल टेनिस चैंपियनशिप फाइनल के पुरुष वर्ग के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। चीन ने क्वार्टर फाइनल में साउथ कोरिया को 3-0 से हराकर ग्रुप स्टेज में मिली हार का बदला भी ले लिया।

लंदन, 8 मई (आईएएनएस)। चीन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आईटीटीएफ वर्ल्ड टीम टेबल टेनिस चैंपियनशिप फाइनल के पुरुष वर्ग के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। चीन ने क्वार्टर फाइनल में साउथ कोरिया को 3-0 से हराकर ग्रुप स्टेज में मिली हार का बदला भी ले लिया।

चीन की जीत में दुनिया के नंबर-1 खिलाड़ी वांग चुकिन ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने पहले मुकाबले में ओह जुन-सुंग को पांच गेम तक चले कड़े मैच में हराया। वांग का जुन-सुंग के खिलाफ हेड-टू-हेड रिकॉर्ड 3-1 था। उन्हें जुन के खिलाफ एकमात्र हार 2024 एशियन चैंपियनशिप के पुरुषों के सिंगल्स क्वार्टर फाइनल में मिली थी। वांग ने पहला गेम 11-9 से जीता और फिर दूसरा गेम 11-1 से अपने नाम कर बढ़त बना ली।

हालांकि, साउथ कोरिया के युवा खिलाड़ी ओह जुन-सुंग ने शानदार वापसी की और तीसरा व चौथा गेम जीतकर मुकाबले को निर्णायक गेम तक पहुंचा दिया। आखिरी गेम में वांग चुकिन ने अपने अनुभव का बखूबी इस्तेमाल किया और 11-7 से जीत हासिल कर चीन को 1-0 की बढ़त दिला दी।

दूसरे मैच में लिन शिडोंग ने जांग वू-जिन को सीधे गेमों में 11-3, 13-11 और 11-8 से हराया। इसके बाद तीसरे मुकाबले में लिआंग जिंगकुन ने एन जे-ह्यून को 11-7, 11-5 और 15-13 से हराकर चीन की 3-0 की जीत पक्की कर दी।

महिला वर्ग में भी चीन ने शानदार प्रदर्शन किया। टीम ने साउथ कोरिया को 3-0 से हराकर सेमीफाइनल का टिकट हासिल किया। दुनिया की नंबर-1 खिलाड़ी सुन यिंगशा को दूसरे मैच में कड़ी चुनौती मिली, लेकिन उन्होंने शानदार वापसी करते हुए जीत दर्ज की। सुन यिंगशा ने पहला गेम जीतने के बाद अगले दो गेम गंवा दिए थे और चौथे गेम में भी पिछड़ रही थीं। हालांकि, उन्होंने लगातार 10 अंक जीतकर मैच बराबर किया और फिर निर्णायक गेम 11-9 से जीत लिया। इससे पहले दिन के मुकाबले में जापान ने यूक्रेन को 3-0 से हराया और महिलाओं के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की, जहां टीम का सामना जर्मनी से होगा।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   8 May 2026 10:48 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story