जांच में शामिल होने दिल्ली पहुंचे कांग्रेस सांसद बिमोल अकोइजम, बोले- ये राजनीतिक मामला
नई दिल्ली, 15 अक्टूबर (आईएएनएस)। यौन शोषण मामले में आरोपी कांग्रेस सांसद बिमोल अकोइजम गुरुवार को दिल्ली के वसंत कुंज नॉर्थ थाने पहुंचे। उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस ने उन्हें जांच में शामिल होने के लिए बुलाया है, इसलिए वह जांच में सहयोग करने आए हैं। सांसद ने इस पूरे मामले को राजनीतिक बताते हुए कहा कि पिछले 40 वर्षों से जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में रहने के दौरान उन्होंने इस तरह की स्थिति का अनुभव नहीं किया।
कांग्रेस सांसद ने दिल्ली में अपने अनुभव को साझा करते हुए कहा कि उन्हें ऐसा लग रहा है, जैसे वह किसी शत्रुतापूर्ण जगह पर आए हों। उन्होंने कहा कि मुझे बिल्कुल भी अपनापन महसूस नहीं हो रहा है। जो कुछ हो रहा है, उसकी वजह से मैं अब खुद को ज्यादा मणिपुर से जुड़ा हुआ महसूस करता हूं। मैं दिल्ली पुलिस के बुलावे पर जांच में सहयोग करने के लिए आया हूं।
सांसद ने कहा कि मेरा कार्यक्रम काफी व्यस्त है, लेकिन मैं नहीं चाहता था कि मेरे नहीं आने पर यह कहा जाए कि मैं जांच में सहयोग नहीं कर रहा हूं। इस तरह की बातों से बचने के लिए मैंने दिल्ली पुलिस के सामने पेश होने का फैसला किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून को अपना काम करने देना चाहिए।
कांग्रेस सांसद ने अपने बयान में जेएनयू में बिताए करीब 40 वर्षों का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने इस दौरान कभी इस तरह की स्थिति नहीं देखी। उन्होंने मौजूदा घटनाक्रम पर सवाल उठाते हुए इसे पूरी तरह राजनीतिक मामला बताया। अकोइजम ने उम्मीद जताई कि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा पैदा नहीं होगी। उन्होंने कहा कि वह चाहते हैं कि कानून अपना काम करे और इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   15 Oct 2026 7:59 PM IST












