'चांद मेरा दिल' का गाना 'ऐतबार' रिलीज, फैंस कर रहे सॉन्ग को पसंद
मुंबई, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। मशहूर निर्देशक करण जौहर हिंदी सिनेमा में रोमांटिक ड्रामा फिल्मों के लिए खास पहचान रखते हैं। उनकी फिल्में हमेशा प्यार, इमोशन्स और खूबसूरत कहानियों के लिए जानी जाती हैं। अब वे अपनी आगामी फिल्म 'चांद मेरा दिल' के साथ फिर से दर्शकों के दिल को छूने वाले हैं।
मेकर्स ने हाल ही में फिल्म का रोमांटिक टाइटल ट्रैक रिलीज किया था, जिसे फैंस की तरफ से काफी प्यार मिला था। इसी कड़ी में मंगलवार को उन्होंने फिल्म का नया गाना 'ऐतबार' रिलीज कर दिया। यह एक सैड सॉन्ग है, जो गलतफहमी के कारण अलग होने के दर्द को बहुत अच्छे तरीके से दिखाता है।
गाने की लिरिक्स और मेलोडी काफी प्यारे हैं। गाने में प्यार की खुशी और फिर उसकी टूटने की पीड़ा को इतनी खूबसूरती से दिखाया गया है कि सुनने वाले भावुक हो रहे हैं।
मेकर्स ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर गाने का क्लिप पोस्ट किया। इसके साथ उन्होंने लिखा, "आज तो इश्क दा नाम बदलकर रख दे यार तबाइयांवे। सॉन्ग ऐतबार रिलीज हो गया है।"
इस गाने के बोल फहीम अब्दुल्ला ने अपनी शानदार आवाज में गाया है, जबकि अमिताभ भट्टाचार्य ने इसके बोल लिखे हैं और सचिन-जिगर ने संगीत तैयार किया है।
यह फिल्म कॉलेज के दिनों के हल्के-फुल्के रोमांस से शुरू होती है और धीरे-धीरे एक गहरी तथा दुखभरी प्रेम कहानी में बदल जाती है। फिल्म में संगीत और भावनाओं की गहराई बहुत ज्यादा है। करण जौहर की फिल्मों में संगीत हमेशा खास रहा है। 'ऐतबार' गाना भी उसी परंपरा को आगे बढ़ाता है। गाने को सुनकर लगता है कि प्यार में अलगाव का दर्द कितना गहरा होता है।
फिल्म 'चांद मेरा दिल' की कहानी एक लड़के और लड़की की मुलाकात से शुरू होती है। बाद में कुछ गलतफहमियां और परिस्थितियां दोनों को अलग कर देती हैं। यह ट्रैजिक लव स्टोरी दर्शकों को सोचने पर मजबूर करेगी।
फिल्म का निर्देशन विवेक सोनी ने किया है, जबकि इसका निर्माण करण जौहर की धर्मा प्रोडक्शंस के बैनर तले किया गया है। 'चांद मेरा दिल' 22 मई सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   21 April 2026 3:50 PM IST












