आईपीएल 2026 के बीच सीएसके को एक और झटका, आयुष म्हात्रे शेष सीजन से बाहर

नई दिल्ली, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के बीच चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) को बड़ा झटका लगा है। हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण दाएं हाथ के बल्लेबाज आयुष म्हात्रे शेष सीजन से बाहर हो गए हैं।
चेन्नई सुपर किंग्स ने पुष्टि की है कि म्हात्रे को चोट से उबरने में 6-12 हफ्तों का समय लगेगा। ऐसे में उनके लिए टूर्नामेंट के शेष हिस्से में खेलना मुमकिन नहीं है।
18 अप्रैल को हैदराबाद में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ बल्लेबाजी करते हुए इस युवा खिलाड़ी को बाएं हैमस्ट्रिंग को पकड़ते हुए देखा गया था। आउट होने से पहले ही उन्हें मैदान पर दो बार ट्रीटमेंट की जरूरत पड़ी थी। जब वह वापस लौट रहे थे, तो फिजियो ने उन्हें मैदान से बाहर ले जाने में मदद की थी। सोमवार को म्हात्रे का स्कैन किया गया, जिसमें चोट की गंभीरता का पता लग सका।
पांच बार की चैंपियन सीएसके 6 में से 2 मैच गंवाकर आईपीएल 2026 की प्वाइंट्स टेबल में 8वें पायदान पर मौजूद है। म्हात्रे की गैरमौजूदगी ने टीम की उम्मीदों को बड़ा झटका दिया है। युवा खिलाड़ी म्हात्रे ने इस सीजन 6 मुकाबलों में 33.50 की औसत के साथ 201 रन बनाए हैं, जिसमें 2 अर्धशतक शामिल हैं। वह इस सीजन टीम के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे हैं।
कुछ ही दिनों पहले चेन्नई सुपर किंग्स को तेज गेंदबाज खलील अहमद के रूप में झटका लगा था, जो इस टूर्नामेंट से बाहर हो गए। अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी अब तक खेलने के लिए उपलब्ध नहीं हैं। टूर्नामेंट की शुरुआत से पहले ही सीएसके ने नाथन एलिस को भी गंवा दिया था। डेवाल्ड ब्रेविस आईपीएल 2026 के शुरुआती कुछ मुकाबलों में नहीं खेल पाए थे।
चेन्नई सुपर किंग्स अपना अगला मैच 23 अप्रैल को मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेलेगी। इसके बाद टीम 26 अप्रैल को गुजरात टाइटंस से भिड़ेगी। 2 मई को इस टीम का सामना एक बार फिर मुंबई इंडियंस से होगा। इसके बाद टीम लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 10 मई और 15 मई को लगातार दो मुकाबले खेलेगी। 18 मई को उसका सामना सनराइजर्स हैदराबाद से होगा, जबकि 21 मई को सीएसके के सामने गुजरात टाइटंस होगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   21 April 2026 4:01 PM IST












