'जय शाह का धन्यवाद, मुश्किल समय में उन्होंने मुझ पर भरोसा बनाए रखा' गौतम गंभीर
अहमदाबाद, 9 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर टी20 विश्व कप 2026 का खिताब जीत लिया। टीम इंडिया के हेड कोच के रूप में गौतम गंभीर का यह दूसरा खिताब है। गंभीर की कोचिंग में ही भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का भी खिताब जीता था। गंभीर ने टी20 विश्व कप में भारतीय टीम के चैंपियन बनने के बाद आईसीसी अध्यक्ष जय शाह का आभार जताया है।
गौतम गंभीर को कोच के रूप में टी20 और वनडे फॉर्मेट में बड़ी सफलता मिली है, लेकिन टेस्ट में सफलता का दर निराशाजनक है। दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में भारत को शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा था। उस समय गंभीर की कोचिंग पर सवाल उठे थे और उनकी आलोचना हुई थी। उस समय गंभीर को जय शाह का समर्थन मिला था।
खिताबी मुकाबले के बाद प्रेस कांफ्रेंस में गंभीर ने कहा, "मुझे जय भाई का शुक्रिया करना है। न्यूजीलैंड या साउथ अफ्रीका के खिलाफ मिली हार का समय मेरे लिए काफी मुश्किल था। उस समय ज्यादा लोगों का कॉल मेरे पास नहीं आया। जय भाई का कॉल आया था। उन्होंने मुझपर इस काम के लिए भरोसा किया। इसलिए मैं उनका शुक्रिया अदा करता हूं।"
इसके अलावा, गौतम गंभीर ने टी20 विश्व कप 2026 के खिताब को पूर्व हेड कोच राहुल द्रविड़ और दिग्गज बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण को डेडिकेट किया।
राहुल द्रविड़ के लिए गंभीर ने कहा कि राहुल भाई ने अपने कार्यकाल के दौरान भारतीय क्रिकेट को अच्छी शेप में रखने के लिए जो किया है, मैं उसके लिए उन्हें शुक्रिया करता हूं।
राहुल द्रविड़ की कोचिंग में भारतीय टीम ने टी20 विश्व कप 2024 का खिताब जीता था।
बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में हेड ऑफ क्रिकेट वीवीएस लक्ष्मण के लिए गंभीर ने कहा, "वह भारतीय क्रिकेट के लिए पर्दे के पीछे से काफी कुछ कर रहे हैं।"
गौतम गंभीर ऐसे पहले व्यक्ति बन गए हैं जिन्होंने एक खिलाड़ी और कोच के रूप में टी20 विश्व कप जीता है। गौतम गंभीर 2007 में महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में टी20 विश्व कप जीतने वाली टीम इंडिया के सदस्य थे। गंभीर ने फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ 75 रनों की यादगार पारी खेलकर देश को पहला टी20 खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   9 March 2026 9:03 AM IST











